महिपाल ढांडा ने नितिन नवीन से की भेंट, संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की शिष्टाचार भेंट। जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन को सशक्त बनाने पर हुई विस्तृत चर्चा।

चंडीगढ़ : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर संगठन, राष्ट्रहित और जनसेवा से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

भेंट के बाद शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का सरल व्यक्तित्व, कुशल संगठनात्मक नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्राप्त आत्मीय मार्गदर्शन और शुभकामनाएं उन्हें जनसेवा के कार्यों को और अधिक समर्पण तथा ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देंगी।

महिपाल ढांडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे मजबूत संगठनात्मक शक्ति के रूप में कार्य कर रही है, जिसका श्रेय शीर्ष नेतृत्व की दूरदर्शी सोच और कार्यकर्ताओं के निरंतर समर्पण को जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के मार्गदर्शन में भाजपा आगामी समय में भी राष्ट्रहित और जनकल्याण के कार्यों को नई गति प्रदान करेगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है। आर्थिक विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और विदेश नीति सहित अनेक क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक मंचों पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिपाल ढांडा ने कहा कि संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है तथा इसी के बल पर राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.