गुरुग्राम-नोएडा आरआरटीएस कॉरिडोर: 19,390 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी
गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा आरआरटीएस कॉरिडोर की डीपीआर तैयार। 64 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट पर नमो भारत और मेट्रो दोनों चलेंगी।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पूरा होने के बाद अब गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा आरआरटीएस कॉरिडोर के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस 64 किलोमीटर के कॉरिडोर की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार हो गई है।
करीब 19390 करोड़ के इस प्रोजेक्ट की डीपीआर को एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) ने मंजूरी दे दी है। इस कॉरिडोर के बन जाने से दिल्ली-नोएडा से गुरुग्राम व फरीदाबाद के बीच सफर आसान हो जाएगा। एनसीआरटीसी के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की तरह ही इस 64 किलोमीटर के कॉरिडोर पर भी नमो भारत और मेट्रो ट्रेन दोनों चलाई जाएंगी।
कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा हरियाणा में बनेगा
कॉरिडोर की कुल लंबाई में से 50 किलोमीटर का हिस्सा हरियाणा में और लगभग 14 किलोमीटर का हिस्सा यूपी में होगा। एक अफसर ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में गुरुग्राम, फरीदाबाद व ग्रेटर नोएडा में इंटीग्रेटेड मेट्रो कनेक्टिविटी भी शामिल होगी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तीन स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें नोएडा का सेक्टर 135, सेक्टर 141 व सुथियाना शामिल होंगे।
एनसीआरटीसी ने अब इस डीपीआर को मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार को भेज दिया है। डीपीआर के मुताबिक इस परियोजना के तहत 22 स्टेशन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें से 7 स्टेशन नमो भारत के होंगे, जबकि 15 स्टेशन मेट्रो के बनाए जाएंगे। इफ्को चौक पर गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा और सराय काले खां से बावल तक नमो भारत ट्रेन का इंटरचेंज स्टेशन होगा। प्रोजेक्ट के निर्माण पर 19 हजार 390 करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब 63 किमी लंबी इस परियोजना में 50 किमी हरियाणा का हिस्सा होगा, जबकि 13 किमी उत्तर प्रदेश का हिस्सा होगा।
कहां कितने बनेंगे स्टेशन
डीपीआर के अनुसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में नमो भारत के 5 स्टेशन होंगे। गुरुग्राम में सेक्टर-61 और सेक्टर-58 चौक, ग्वाल पहाड़ी में 2 स्टेशन बनेंगे, जबकि फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक और सेक्टर-87-88 चौक पर 3 स्टेशन बनेंगे। नोएडा में सेक्टर-142 और सेक्टर-168 चौक व ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर में 2 स्टेशन तैयार किए जाएंगे। वहीं, नमो भारत ट्रैक पर गुरुग्राम में 5 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, फरीदाबाद में 7 मेट्रो स्टेशन बनाने की योजना है।
इफ्को चौक पर इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण होगा
गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित एनसीआरटीसी का नमो भारत और मेट्रो प्रोजेक्ट, दिल्ली के सराय काले खां से बावल तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन मार्ग से इफ्को चौक पर मिलेगा। इफ्को चौक पर इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण होगा। इससे रेवाड़ी, धारूहेड़ा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक आवागमन आसान होगा।