हिसार: डॉ. अर्चना गुप्ता का पंजाब सीएम पर निशाना, कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

हिसार दौरे पर पहुंचीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पंजाब सीएम भगवंत मान पर गुरुओं के अपमान का आरोप लगाया। बूथ मजबूती की रणनीति पर दिया जोर।

हिसारः भारतीय जनता पार्टी की अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता रविवार को हिसार दौरे पर थीं. इस दौरान उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि “पंजाब के सीएम भगवंत ने गुरुओं के नाम की बेअदबी की. पंजाब के सीएम खुद नशे में रहते हैं. इस प्रकार की बात गुरुओं के लिए बोले देते हैं. बाद में वे माफी भी नहीं मांगते हैं. भगवंत मान कहते है कि मेरी फेक वीडियो बनाई है. इस पर हरियाणा के सीएम ने वीडियो की सचाई जगजाहिर कर दी है. गुप्ता ने कहा कि मान ने गुरुओं की बेअदबी की है.”

‘पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ रहा है’: उन्होंने कहा कि “पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ रहा है. युवाओं को नशे की ओर धकेल दिया गया है. पंजाब की जनता के साथ जो वादे किए थे आज तक पूरे नहीं किए गए. महिलाओं के लिए जो घोषणा की थी आज तक पूरी नहीं की.”

‘आने वाले समय में बीजेपी पंजाब में सरकार बनाएगी’: प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि आने वाले समय में बीजेपी पंजाब में सरकार बनाएगी. उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा के किसानों की जमीन निजी कंपनियों को दिया गया और उन्होंने सत्ता के दौरान अपना हित साधने काम किया है. एसआईआर को लेकर हरियाणा में काम चल रहा है. जल्द ही बीजेपी एक पोर्टल लांच करने जा रही है. उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के शासन काल को आज तक कोई नहीं भूल पाया है. आपातकाल के दौरान काफी लोगों को जेल में डालने का काम किया गया था.

‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ की रणनीति पर काम करें: डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को साकार करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी पहचान, नई ऊंचाइयों तक पहुंचाई है. आज भारत केवल दुनिया में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला देश नहीं, बल्कि विश्व को नई दिशा दिखाने वाला राष्ट्र बन चुका है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की मजबूती के लिए काम करें, अपने बूथ को मजबूत रखें और ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ की रणनीति पर काम करें. उन्होंने कहा कि पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और इस पार्टी को यहां तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है.

‘प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है’: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही है. गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं. सेवा, संस्कार और समर्पण ही राष्ट्र निर्माण का आधार है और भारतीय जनता पार्टी इसी भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है.

‘पार्टी कार्यकर्ता संगठन के प्रति समर्पित हैं’: इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि “डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त एवं गतिशील होगा. पार्टी कार्यकर्ता संगठन के प्रति समर्पित हैं और संगठन की मजबूती के लिए दिन रात कार्य कर रहे हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.