हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी: क्या मिलेगा दूसरा सेवा विस्तार?

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। क्या सरकार उन्हें फिर से एक साल का सेवा विस्तार देगी? जानें पूरी प्रशासनिक चर्चा।

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के कार्यकाल का आज अंतिम दिन है मगर अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्हें दोबारा से कितने दिन का सेवा विस्तार मिल रहा है। हालांकि राज्य सरकार ने उन्हें एक साल का दूसरा सेवा विस्तार देने के लिए केंद्र सरकार को फाइल भेजी हुई है। यदि उन्हें दोबारा सेवा विस्तार मिलता है तो वे राज्य के पहले आईएएस होंगे जिन्हें दो बार एक्सटेंशन मिलेगा।

1990 बैच के आईएएस पहली बार 31 अक्तूबर, 2024 को अंतरिम आधार पर तीन दिन के लिए मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। इसके बाद फरवरी 2025 में तत्कालीन मुख्य सचिव विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया तो सरकार ने अनुराग रस्तोगी को मुख्य सचिव नियुक्त किया। राज्य सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया जब रस्तोगी के बैचमेट सुधीर

राजपाल और सुमिता मिश्रा का दावा वरिष्ठ होने के कारण सबसे मजबूत था। रस्तोगी का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा था मगर उन्हें एक साल का सेवा विस्तार दिया गया। अब सरकार ने फिर एक साल का सेवा विस्तार देने की फाइल भेजी है।

एक्सटेंशन देने की फाइल चलाते वक्त राज्य सरकार ने तर्क दिया है कि कई अहम सरकारी योजनाएं और परियोजनाएं अभी जारी हैं। इनमें पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जुड़ी योजनाएं, ई-गवर्नेस सुधार, निवेश परियोजनाएं और केंद्र सरकार की योजनाएं शामिल हैं। सरकार का तर्क है कि इन कामों में निरंतरता बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव के कार्यकाल को बढ़ाना जरूरी है। सरकार का यह भी मानना है कि अनुराग रस्तोगी का प्रशासनिक अनुभव और काम करने का तरीका मौजूदा समय में फायदेमंद है। उनकी साफ-सुथरी छवि, अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल और सरकार के साथ अच्छे समन्वय के कारण सरकार उन्हें फिलहाल मुख्य सचिव के पद पर बनाए रखना चाहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.