गाजियाबाद: लोनी में 21 वर्षीय छात्र को सरेआम मारी गोली, हालत गंभीर

गाजियाबाद के लोनी में बाइक सवार तीन बदमाशों ने छात्र को मारी गोली। बहन को मेट्रो से छोड़कर लौटते वक्त हुआ हमला। आईसीयू में भर्ती, पुलिस जांच जारी।

गाजियाबाद के लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में सोमवार रात बाइक सवार 3 युवकों ने साथियों के साथ खड़े 21 वर्षीय युवक को कहासुनी के बाद गोली मार दी। यह घटना, तब हुई जब युवक अपनी बहन को मेट्रो स्टेशन से लेकर घर आया था। साथी परिजन को सूचना देकर घायल साथी को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां घायल का आईसीयू में उपचार जारी है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की उत्तरांचल विहार कॉलोनी में सुनील कुमार रहते है। वह दिल्ली एमसीडी में कार्यरत है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 वर्षीय पुत्र रितिक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। सोमवार रात करीब दस बजे पुत्र बहन को मेट्रो स्टेशन से लेकर घर आया था। उसे घर छोड़ने के बाद घर से कुछ दूर रोड पर दोस्तों से के साथ खड़ा था।

तभी दो बाइक पर तीन अंकित तोमर, सूरज धामा व प्रिंस मौके पर पहुंचे और बिना किसी पूर्व विवाद के पुत्र के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर सूरज धामा ने पुत्र पर गोली चला दी। गोली उसके सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। पुत्र के साथी परिजन को सूचना देकर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे।

चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित के पिता की शिकायत पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.