गुड़गांव: रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

गुड़गांव पुलिस ने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने के बहाने ठगी करने वाले 6 साइबर अपराधियों को दिल्ली से पकड़ा। आरोपी बैंक अधिकारी बनकर करते थे धोखाधड़ी।

गुड़गांव : क्रेडिट कार्ड के पॉइंट रिडीम करने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का गुड़गांव पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को दिल्ली में रेड के बाद काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 7 मोबाइल सहित 3 मोटोरोला वॉकी-टॉकी सेट, एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट समायोजन संबंधी स्क्रिप्ट के 2 पेज तथा क्रेडिट कार्ड उपभोक्ताओं का विवरण वाले 4 पेज बरामद किए हैं।

एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम को शिकायत दी थी कि 5 मार्च को एक व्यक्ति ने स्वयं को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर कॉल की तथा क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट बकाया बिल में समायोजित करके छूट दिलाने का झांसा देकर उसके साथ 83,305 रुपए की साइबर ठगी कर ली।  पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान फरमान निवासी संगम विहार, पुष्पा भवन दिल्ली, सत्य प्रकाश निवासी संगम विहार, हमदर्द नगर, पुष्पा भवन, थाना संगम विहार, दक्षिण दिल्ली, नरेन्द्र सिंह निवासी संगम विहार, हमदर्द नगर, रतिया मार्ग, दिल्ली, उम्र 34 वर्ष, रविन्द कुमार निवासी सेवा नगर, कस्तूरबा नगर, लोदी रोड, नई दिल्ली, हाल निवासी लक्ष्मी बाई नगर, दिल्ली, उम्र 26 वर्ष, विनोद निवासी संगम विहार, दिल्ली व आसिफ निवासी ओखला फेज-2, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, सीएनजी पंप के पास, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी फरमान व सत्य प्रकाश को 28 जून को संगम विहार, दिल्ली से तथा आरोपी नरेंद्र,अरविंद, विनोद व आसिफ को 30 जून को गोविंदपुर, दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच व पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी सत्यप्रकाश से सिम जारी करने वाला पीओएस एजेंट है। आरोपी फरमान ने आरोपी सत्यप्रकाश से अपने नाम (फरमान) से एक सिम जारी कराई और उस सिम को कमीशन लेकर आरोपी सत्यप्रकाश को भेज दिया तथा आरोपी सत्यप्रकाश ने वह सिम अपने उपरोक्त साथियों को दे दी, जिसका प्रयोग करके आरोपी नरेंद्र, अरविंद, विनोद व आसिफ स्वयं को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करके ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस आरोपियों से इस मामले सहित अन्य साइबर धोखाधड़ी के मामलों में उनकी संलिप्तता के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.