गुड़गांव: रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे से नौकरी दिलाने के नाम पर 30 लाख की ठगी

गुड़गांव में रेलवे भर्ती के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी का खुलासा। भोंडसी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक केस दर्ज हैं।

गुड़गांव : रेलवे में स्पोर्टस कोटे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत भोंडसी थाना पुलिस को दी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को एमजी रोड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सतीश उर्फ श्रीनिवास (उम्र-45 वर्ष) निवासी गांव बेरी जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है।

आरोपी का रिकॉर्ड खंगालने पर ज्ञात हुआ कि आरोपी पर धोखाधड़ी करने, हरियाणा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने के संबंध में 2 केस जिला महेंद्रगढ़ में तथा पॉक्सो एक्ट सहित अन्य अपराधिक धाराओं के तहत एक केस सीकर (राजस्थान) में दर्ज है। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी ने अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी से उपरोक्त अभियोग में पीड़ित से लाखों रुपए की ठगी करने की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से बरामदगी की जानी है। इसके अलावा पूछताछ के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाकर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाना है।

आपको बता दें कि 17 अप्रैल को एक व्यक्ति ने थाना भोंडसी में शिकायत देकर बतलाया कि श्रीनिवास उर्फ सतीश नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरी दिलाने का झांसा देकर नवंबर-2025 से जनवरी-2026 के दौरान फर्जी नियुक्ति पत्र, मेडिकल व ट्रेनिंग के नाम पर इनसे लगभग 30 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.