पानीपत: खेत में टूटी 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन, एक मजदूर की मौत
पानीपत के भोड़वाल माजरी गांव में धान के खेत में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गिरने से प्रवासी मजदूर की मौत, आधा दर्जन घायल। बिजली विभाग की सुरक्षा पर उठे सवाल।
पानीपत : हरियाणा के पानीपत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां धान की बुवाई के दौरान 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन टूटकर खेत में गिर गई, जिससे खेत में काम कर रहे प्रवासी मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला पानीपत जिले के भोड़वाल माजरी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान सुशील के खेत में धान की बुवाई का काम चल रहा था। इस काम के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार से आए प्रवासी मजदूर खेत में पानी भरे हिस्से में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन अचानक टूटकर पानी में गिर गई। पानी में करंट फैलते ही खेत में काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे प्रवासी मजदूर सुशील कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि करीब आधा दर्जन अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन किस कारण से टूटी तथा हादसे के लिए यदि किसी की लापरवाही जिम्मेदार है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।