लोनी-गाजियाबाद: सरकारी जमीन से हटाया गया अतिक्रमण, मजार को किया ध्वस्त
गाजियाबाद प्रशासन ने लोनी रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सरकारी जमीन पर बनी मजार को जेसीबी से हटाया गया। जानें पूरी खबर और प्रशासन का रुख।
लोनी-गाजियाबाद रोड पर शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से सड़क किनारे बनी एक मजार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई संपन्न कराई।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि सरकारी भूमि और सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण न करें और नियमों का पालन करें। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले पिछले रविवार को भी ऐसी ही कार्रवाई हुई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई मजार को चार जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया था। यूपीसीडा अधिकारियों ने दिसंबर महीने में 2025 में मजार पर नोटिस चस्पा किया था। कार्रवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक एन के जैन ने बताया कि ट्रोनिका सिटी सेक्टर सी 8 में करीब दो दशक पहले अवैध रूप से मजार का निर्माण किया गया था। उन्होंने बताया कि राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद संबंधित निर्माण सरकारी संपत्ति में पाया गया। जिसके बाद दिसंबर माह 2025 में मजार पर नोटिस चस्पा किया गया था। नोटिस का जवाब न देने पर प्रशासनिक अधिकारियों की सहायता से रविवार को मजार की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया की कारवाई के दौरान देहात एवम शहर के थानो का पुलिस बल, दो पीएसी बटालियन और यूपीसीडा अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अपरजिलाधिकारी विकास कश्यप ने बताया की अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कारवाई निरंतर जारी रहेगी।