भिवानी: स्कूल क्लासरूम में निकला 6 फीट लंबा सांप, छात्रों की सुरक्षा पर सवाल
भिवानी के सरकारी स्कूल में क्लासरूम के अंदर 6 फीट लंबा सांप मिलने से हड़कंप। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद, चहारदीवारी न होने से ग्रामीणों में रोष।
मुंढाल। गांव धनाना स्थित वीर शहीद हवलदार हुकमी राम गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एक क्लासरूम में शनिवार को करीब छह फीट लंबा धामन (घोड़ा पछाड़) सांप निकलने से छात्राओं और स्टाफ में हड़कंप मच गया। छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे स्कूल की छुट्टी कर दी गई। सूचना पर पहुंची गोरक्षक दल की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य संदीप घनघस ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में स्कूल के लिए 55 लाख रुपये मंजूर किए गए थे। इस राशि से चहारदीवारी और हॉल का निर्माण होना था लेकिन करीब तीन वर्ष बाद भी काम शुरू नहीं हो सका। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि चहारदीवारी नहीं होने के कारण पहले भी कई बार स्कूल परिसर में सांप निकल चुके हैं। शनिवार को भी सांप करीब तीन घंटे तक स्कूल परिसर में रहा।