सोनीपत: चोरी के आरोप में पकड़े गए नाबालिग, भीड़ ने की बेरहमी से पिटाई
सोनीपत के जीवन विहार में बंद कोठी में चोरी करते दो नाबालिग पकड़े गए। भीड़ ने कानून हाथ में लेकर की बेरहमी से पिटाई। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान।
सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत से नशे की लत में फंसे बचपन का एक बेहद चिंताजनक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जीवन विहार इलाके में नशे की तलब पूरी करने के लिए दो नाबालिग बच्चों ने एक बंद पड़ी कोठी को अपना निशाना बनाया। हालांकि, पड़ोसियों की मुस्तैदी के चलते दोनों रंगे हाथों पकड़े गए। इसके बाद कानून हाथ में लेते हुए लोगों ने बच्चों की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
अलमारी के अंदर छिपे मिले दोनों बाल चोर
जानकारी के अनुसार, जीवन विहार स्थित इस कोठी का मालिक अपने परिवार सहित बाहर रहता है, जिसके कारण मकान पर ताला लटका हुआ था। रविवार को पड़ोसियों ने बंद मकान के भीतर कुछ संदिग्ध हलचल और तोड़फोड़ की आवाजें सुनीं।
पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक के स्थानीय परिजनों को दी। जब परिजनों ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला खोला और सघन तलाशी ली, तो दोनों नाबालिग लड़के पकड़े जाने के डर से बेडरूम की एक अलमारी के अंदर छिपे हुए मिले।
भीड़ ने कानून हाथ में लेकर बेरहमी से पीटा; वीडियो वायरल
नाबालिगों को देखते ही वहां मौजूद परिजनों और पड़ोसियों का गुस्सा फूट पड़ा। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति दोनों बच्चों को जमीन पर गिराकर लाठी और डंडों से बेहद क्रूरता के साथ पीट रहा है। बच्चे रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन भीड़ उन्हें सबक सिखाने के नाम पर पीटती रही।
डायल 112 ने लिया कस्टडी में
पिटाई के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी कस्टडी में लिया।