सोनीपत: परीक्षा दिलाने जा रहे भाई की सड़क हादसे में मौत, बहन गंभीर
सोनीपत में HTET परीक्षा दिलाने जा रहे बाइक सवार भाई-बहन का एक्सीडेंट। बोलेरो से टकराने के कारण युवक की मौत, बहन पीजीआई रेफर। कुंडली थाना पुलिस जांच में जुटी।
सोनीपत : सोनीपत में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। यहां बहन को HTET परीक्षा दिलाने के लिए बाइक पर सोनीपत ला रहे 22 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक परिवार का इकलौता बेटा था।
बता दें कि गांव हलालपुर निवासी सुमित ने कुंडली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चाचा जसबीर का बेटा कपिल (22) अपनी बड़ी बहन अंजलि (28) को एच. टैट परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से सोनीपत लेकर आ रहा था। बिंदरौली फ्लाईओवर पर आगे चल रही बोलेरो पिकअप के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक पीछे से पिकअप में जा भिड़ी और दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में कपिल के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंजलि को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया। कुंडली थाना प्रभारी इंस्पैक्टर सेठी मलिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।