दिल्ली: ब्रिटानिया चौक से आउटर रिंग रोड तक बनेगा 6 किमी लंबा एलिवेटेड रोड
दिल्ली के ब्रिटानिया चौक (अश्विनी चोपड़ा चौक) से शकूर बस्ती तक बनेगा 6 किमी एलिवेटेड रोड। PWD ने DPR के लिए मंजूरी दी। पढ़ें रूट और प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी।
उत्तर पश्चिमी दिल्ली में ब्रिटानिया चौक (Britannia Chowk) से शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन होते हुए आउटर रिंग रोड तक 6 किलोमीटर लंबे एक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके फिजिबिलिटी स्टडी अध्ययन और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 2.19 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दे दी गई है।
गुरु हरकिशन रोड पर जाम की समस्या रहती है। खासतौर पर ब्रिटानिया चौक पर ट्रैफिक का दबाव अधिक है। एलिवेटेड रोड बनने से ब्रिटानिया चौक और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव कम होगा। इससे गुरु हरकिशन रोड पर सफर तेज और सुगम होगा और इस रोड के रास्ते से शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन तक पहुंचना आसान होगा।
इन इलाकों को मिलेगा लाभ
पीडब्ल्यूडी के अधिकारी की मानें तो प्रोजेक्ट से शकूर बस्ती, वजीरपुर, लॉरेंस रोड, केशवपुरम, त्रिनगर, पंजाबी बाग, अशोक विहार और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इसका अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही, हरियाणा की ओर से आने-जाने वाले मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम होगी।
एलिवेटेड रोड के ये होंगे फायदे
अधिकारी ने बताया कि इस कॉरिडोर के बनने से ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण भी कम होगा। औद्योगिक क्षेत्रों तक माल ढुलाई तेज होने के साथ ही रेलवे स्टेशन और आउटर रिंग रोड के बीच निर्बाध संपर्क बनने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाएं बढ़ेगी।
एलिवेटेड रोड की अहम बातें
● कहां से कहां तक : ब्रिटानिया चौक से शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन होते हुए आउटर रिंग रोड तक बनेगी एलिवेटेड रोड।
● लंबाई : छह किलोमीटर।
● लागत : पीडब्ल्यूडी ने कार्य के लिए 2.19 करोड़ रुपये की व्यय स्वीकृति दी है।
सरकार ने पिछले महीने बदला था ब्रिटानिया चौक का नाम
बता दें कि, दिल्ली सरकार ने पिछले महीने 12 जून को लॉरेंस रोड स्थित ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर दिवंगत पत्रकार ‘अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक’ कर दिया था। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक साथ इस चौक का उद्घाटन और नामकरण पट्टिका का अनावरण किया। इस मौके पर संधू ने कहा था कि दिल्ली सरकार की इस पहल से अश्विनी कुमार चोपड़ा के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं रेखा गुप्ता ने कहा कि पत्रकारिता, सार्वजनिक जीवन और समाज सेवा के क्षेत्र में चोपड़ा का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। हरियाणा के करनाल से 2014 से 2019 तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रहे अश्विनी कुमार चोपड़ा (मिन्ना) का 18 जनवरी 2020 को निधन हो गया था। वह ‘पंजाब केसरी’ समाचार पत्र के संपादक भी थे।