दिल्ली HC का फैसला: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का अकाउंट होगा अनब्लॉक

दिल्ली हाई कोर्ट ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का एक्स (X) अकाउंट अनब्लॉक करने का आदेश दिया। केंद्र सरकार ने दी सहमति, जानें पूरा मामला।

सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) बनाकर सनसनी मचा देने वाले अभिजीत दीपके को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ी खुशखबरी मिली है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत ने CJP के एक्स अकाउंट को अनब्लॉक करने का आदेश दिया है। केंद्र सरकार ने इस पर रोक लगा दी थी, जिसके खिलाफ अभिजीत दीपके ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। खास बात यह है कि केंद्र सरकार भी इस बात के लिए सहमत थी कि अब CJP के अकाउंट को अनब्लॉक किया जा सकता है।

केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत में कहा कि NEET की परीक्षा लंबित होने की वजह से उनके अकाउंट को ब्लॉक किया गया था, क्योंकि इसके कुछ पोस्ट्स से विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच आपाधापी मच सकती थी। उन्होंने कहा कि अब परीक्षा खत्म हो चुकी है और इसलिए ब्लॉक रखने का उद्देश्य नहीं रहा।

केंद्र सरकार की ओर से की गई अपील को स्वीकार करते हुए अदालत ने कहा कि चूंकि NEET की परीक्षा हो चुकी है और ब्लॉक करने वाले आदेश की प्राथमिक वजह अब प्रासंगिक नहीं है, इसलिए बैन को खत्म करने वाला आदेश वापस ले लिया जाए। इस आदेश के बाद कॉकरोच जनता पार्टी को उस एकाउंट का एक्सेस दोबारा मिल जाएगा जिस पर उसके लाखों फॉलोअर्स हैं।

21 मई को ब्लॉक कर दिया गया था अकाउंट

पूर्व में आम आदमी पार्टी से जुड़े दीपके ने 15 मई को एक याचिका की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ वाली एक टिप्पणी को लेकर मचे हंगामे के बीच मजाक-मजाक में सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम से सोशल अकाउंट की शुरुआत की थी। एक्स, इंस्टाग्राम जैसे प्लैटफॉर्म पर इसने भाजपा और कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टियों के अकाउंट से भी ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए। सरकार ने सीजेपी का मेन एक्स हैंडल 21 मई को भारत में ‘ब्लॉक’ कर दिया गया था। इसके बाद दीपके की टीम ने ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से नए हैंडल के साथ वापसी की।

अभिजीत दीपके ने कहा- यह बड़ी जीत

अभिजीत दीपके ने अनब्लॉकिंग के इस फैसले को कॉकरोच जनता पार्टी और आंदोलन के साथ ही अभिव्यक्ति की आजादी के लिए बड़ी जीत बताया। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘कॉकरोच जनता पार्टी को बड़ी जीत देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने CJP के ओरिजनल अकाउंट को अनब्लॉक करने का आदेश दिया है। यह ना सिर्फ सीजेपी और आंदोलन, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और डिजिटल अधिकारों के लिए भी बड़ी जीत है। हम युवाओं की आवाज ऑनलाइन और ऑफलाइन उठाते रहेंगे।’

Leave A Reply

Your email address will not be published.