दिल्ली वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन: जानें आपके क्षेत्र में क्या है SIR अभियान का हाल
दिल्ली में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन अभियान जारी, 52% से अधिक मतदाताओं तक पहुंचे फॉर्म। जानिए जिलों का प्रदर्शन और डिजिटाइजेशन की ताजा अपडेट।
दिल्ली में मतदाता सूची के SIR अभियान के तहत घर-घर जाकर वोटर लिस्ट वैरिफिकेशन फॉर्म बांटने का काम तेजी से जारी है। अभियान के पहले सप्ताह में राजधानी के 1,45,10,298 मतदाताओं में से 76,38,417 लोगों तक फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं। यह कुल मतदाताओं का 52.64 प्रतिशत है। हालांकि, जिलों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला है। जहां नई दिल्ली जिला इस अभियान में सबसे आगे है, वहीं दक्षिण-पूर्व दिल्ली सबसे पीछे चल रहा है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के मुताबिक, 30 जून से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक मतदाता को दो-दो एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। एक प्रति मतदाता अपने पास रखता है, जबकि दूसरी भरकर BLO को वापस करनी होती है। इसके लिए किसी भी दस्तावेज को साथ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
प्रतिशत के हिसाब से कौन-सा जिला आगे?
मतदाता कवरेज के मामले में नई दिल्ली जिला सबसे आगे है, जहां 67.20 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंच चुके हैं। इसके बाद पुरानी दिल्ली (61.69 प्रतिशत), उत्तर जिला (59.20 प्रतिशत) और पश्चिम जिला (58.87 प्रतिशत) का स्थान है।
वहीं सबसे कम कवरेज दक्षिण-पूर्व दिल्ली में दर्ज की गई है, जहां अब तक केवल 42.60 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचे हैं। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम (45.45 प्रतिशत), मध्य जिला (47.35 प्रतिशत) और बाहरी उत्तर (49.40 प्रतिशत) का नंबर आता है।
सबसे ज्यादा फॉर्म किस जिले में बांटे गए?
यदि कुल संख्या की बात करें तो उत्तर-पूर्व दिल्ली में सबसे अधिक 10,01,304 फॉर्म वितरित किए गए हैं। इसके बाद पश्चिम दिल्ली (8,57,123), पूर्वी दिल्ली (8,04,233), दक्षिण दिल्ली (7,28,647) और दक्षिण-पूर्व दिल्ली (6,63,425) का स्थान है।
डिजिटाइजेशन की रफ्तार अभी धीमी
फॉर्म वितरण के साथ-साथ भरे हुए फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है। अब तक 2,78,070 फॉर्म डिजिटल किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 2 प्रतिशत से भी कम है। डिजिटाइजेशन के मामले में दक्षिण-पश्चिम जिला सबसे आगे है, जबकि पूर्वी दिल्ली सबसे पीछे है।
निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि मतदाता ऑनलाइन भी फॉर्म भर सकते हैं। अभियान पूरा होने के बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी होगी। अधिकारियों ने मतदाताओं से समय रहते फॉर्म भरकर जमा करने की अपील की है, ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल रह सके।