हरियाणा मौसम: भारी बारिश से हिसार में जलभराव, कुरुक्षेत्र में सड़क धंसी
हरियाणा में मानसून की भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त। हिसार में सड़कों पर तीन फीट पानी भरा, कुरुक्षेत्र में सड़क धंसने से गहरा गड्ढा। पढ़ें विस्तृत रिपोर्ट।
हिसार : हरियाणा में बारिश लोगों के लिए आफत बनी हुई है. हिसार की सड़कों पर तो तीन फीट तक जलभराव हो गया. जिसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. करीब डेढ़ घंटा चली बारिश से शहर की कॉलोनियों में पानी भर गया. कैंप चौक के पास पुल के नीच दो से तीन फीट तक पानी भर गया. वहीं कुरुक्षेत्र में बारिश के चलते सड़क धंस गई. गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
हिसार में बारिश के बाद जलभाव: हिसार में डेढ़ की घंटे की बारिश के बाद चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया. शहर की सड़कें दरिया बन गई. कॉलोनियों और गलियों में भी जलभराव के चलते लोगों को काफी परेशानी हुई. स्थानीय निवासी सुरेश ने कहा कि कैंप चौक पर थोड़ी सी बारिश के बाद पानी भर जाता है. जिसके कारण लोगों को पुल से आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
इन इलाकों में तीन फीट तक भरा पानी: हिसार में कृष्णा नगर पटेल, ग्रीन पार्क, कैमरी रोड, अर्बन एस्टेट की कॉलानियों में जलभाव की समस्या रही. वहीं हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों में बिखराव वाली हल्की बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिली. शुक्रवार को हिसार के अलावा सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी कुछ हिस्सों, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, रोहतक और झज्जर में भी बारिश हुई.
कुरुक्षेत्र में बारिश से सड़क धंसी: वहीं कुरुक्षेत्र में भारी बारिश के चलते जिंदल चौक से लेकर पूजा मॉडर्न स्कूल के बीच का रोड अचानक बीच में से धंस गया. जिसके चलते 10 से 12 फीट बड़ा गहरा गड्ढा बन गया. गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस विभाग को दी गई. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बेरिकेडिंग कर रास्ते को ब्लॉक किया और ट्रैफिक को डायवर्ट किया.
सड़क मरम्मत का काम शुरू: मौके पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर योगेंद्र ने कहा कि गड्ढा काफी बड़ा है. नीचे सीवरेज में लीकेज भी हो सकती है. ये जांच के बाद ही पता चलेगा. मौके पर पहुंचे ट्रैफिक इंचार्ज रामकरण ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क पर एक गड्ढा हो गया है. बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के प्रबंध कर दिए गए हैं, ताकि कोई वाहन यहां पर ना आए. जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को भी सूचना दे दी गई है. अब इसकी मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा.