अंकित शर्मा मर्डर केस: ताहिर हुसैन पर केजरीवाल की चुप्पी टूटी, दिया यह जवाब

आईबी अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन दोषी करार। अरविंद केजरीवाल ने पार्टी से निष्कासन का दिया हवाला, भाजपा और ओवैसी पर साधा निशाना।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को उस ताहिर हुसैन पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है, जिसने उनकी पार्टी का पार्षद रहते हुए आईबी अधिकारी अंकित शर्मा का बेरहमी से कत्ल करके नाले में फेंक दिया था। अरविंद केजरीवाल ने ताहिर हुसैन से पल्ला झाड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी को लपेटने की कोशिश की।

ताहिर हुसैन को दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार शाम अंकित शर्मा की हत्या और दंगा भड़काने समेत कई मामलों में दोषी ठहराया। इसके बाद से भाजपा ‘आप’ पर हमलावर थी और केजरीवाल से जवाब की मांग कर रही थी। फैसले के करीब 20 घंटे बाद पूर्व सीएम ने चुप्पी तोड़ते हुए यह कहकर पल्ला झाड़ा कि उसे बहुत पहले पार्टी से निकाल दिया गया था। उन्होंने नाम लिए बिना भाजपा और ओवैसी की पार्टी एआईएमआई को लपेटा। केजरीवाल ने भाजपा नेता अमित मालवीय के 18 घंटे पुराने पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, ‘हमने बहुत पहले आप से निष्कासित कर दिया था। क्या वह चंदा चोर पार्टी की सहयोगी संगठन में नहीं शामिल हो गया था।’ ‘आप’ के नेता राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर भाजपा को चंदा चोर पार्टी कहते हैं तो ओवैसी की पार्टी को भाजपा की सहयोगी पार्टी कहकर निशाना साधा जाता है।

भाजपा ने पूछा था- केजरीवाल और सिसोदिया चुप क्यों हैं

अदालत का फैसला आने के बाद से भाजपा के कई नेता अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया से प्रतिक्रिया की मांग कर रहे थे। दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा ने ‘आप’ के वरिष्ठ नेताओं की चुप्पी पर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘(ताहिर हुसैन को) दोषी ठहराए जाने के बाद अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह चुप क्यों हैं? वे सामने आकर इस मामले पर कुछ क्यों नहीं बोल रहे हैं?’ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को एक बयान जारी कर स्पष्ट किया था कि ताहिर हुसैन का अब पार्टी से कोई संबंध नहीं है क्योंकि 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगा मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था।

अमानतुल्लाह खान ने जाहिर किया दुख

एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी और इसके मुखिया अरविंद केजरीवाल ने ताहिर हुसैन से पल्ला झाड़ने की कोशिश की है तो दूसरी तरफ विधायक अमानतुल्लाह खान ने ताहिर हुसैन के लिए दुख जाहिर किया। ओखला के विधायक ने उम्मीद जाहिर की कि ऊपरी अदालत से ताहिर हुसैन को इंसाफ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.