MCD चुनाव: AAP को बड़ा झटका, पार्षद विकास टांक ने थामा भाजपा का दामन

MCD वार्ड समिति चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत। AAP पार्षद विकास टांक भाजपा में शामिल। जानें दिल्ली निगम चुनावों के लेटेस्ट नतीजे और राजनीतिक समीकरण।

दिल्ली में बुधवार का दिन आम आदमी पार्टी के लिए अच्छा नहीं रहा, ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जहां एक तरफ पार्टी को MCD चुनावों में मात मिली, वहीं दूसरी तरफ AAP के पार्षद विकास टांक भी पार्टी को जबरदस्त झटका देते हुए भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दिल्ली भाजपा कार्यालय में प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और सांसद प्रवीण खंडेलवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी को त्यागकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली।

विकास टांक लंबे समय से दिल्ली नगर निगम के पार्षद रहे हैं, और वर्तमान में दिल्ली नगर निगम के सीटी एसपी जोन के चेयरमैन भी हैं। भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल किया। पार्टी ने कहा कि आज का दिन भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमें वाल्मीकि समाज का एक युवा समर्थन मिल रहा है। इस बारे में जानकारी देते हुए भाजपा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘आम आदमी पार्टी के पार्षद एवं वाल्मीकि समाज के युवा नेता विकास टांक ने प्रदेश अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा एवं सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।’

MCD चुनाव में भी AAP को लगा झटका

दिल्ली नगर निगम की सभी जोन की वार्ड समिति और कुछ जोन में वार्ड समिति से स्थाई समिति के सदस्यों के चुनाव आज बुधवार को आयोजित किए गए, यहां पर भी आम आदमी पार्टी को करारा झटका लगा। खबर लिखे जाने तक दस जोन की वार्ड समिति चुनाव के नतीजे आ चुके थे। इनमें से 8 जोन में भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि दो जोन में AAP जीती।

भाजपा उम्मीदवारों ने केशवपुरम में निर्विरोध जीत दर्ज की। इसके साथ ही, मध्य, दक्षिण, नरेला, शाहदरा उत्तरी, शाहदरा दक्षिण जोन, नजफगढ़ जोन और सिविल लाइंस जोन में भाजपा ने जीत दर्ज की। जबकि आम आदमी पार्टी ने करोलबाग जोन में निर्विरोध जीत दर्ज की और रोहिणी जोन में भी AAP ने जीत दर्ज की। केशवपुरम जोन से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के विनीत वोहरा, उपाध्यक्ष पद के लिए मीनू गोयल और स्थायी समिति के सदस्य के सुशील चयनित हुए हैं।

शाहदरा उत्तरी जोन में 20 वोट लेकर भाजपा जीती

शाहदरा उत्तरी जोन के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के पंकज लूथरा और उपाध्यक्ष पद के लिए ब्रजेश सिंह को कुल 35 वोट में से 20 वोट मिले। दोनों पदों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी से अध्यक्ष पद पर प्रियंका शर्मा और उपाध्यक्ष पद पर रोशन लाल को 12 वोट मिले। शाहदरा उत्तरी जोन में कुल 35 वोट में से 32 वोट वार्ड समिति चुनाव के लिए डाले गए।

मध्य जोन से निर्विरोध जीते भाजपा के उम्मीदवार

मध्य जोन में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध जीते। इसमें मध्य जोन से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की पार्षद नीतू चयनित हुई। मध्य जोन में अध्यक्ष पद के लिए आम आदमी पार्टी के राकेश लोहिया ने अपना नाम वापस ले लिया था, जबकि उपाध्यक्ष और इस जोन से स्थायी समिति सदस्य पद के लिए AAP ने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। मध्य जोन से उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रवीण कुमार चयनित हुए। जबकि इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) से भाजपा में शामिल हुए मोलड़बंद से पार्षद होमचंद गोयल मध्य जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति सदस्य पद पर चयनित हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.