फरीदाबाद: छज्जा गिरने से दो मजदूरों की मौत, नहर से मिली थीं 2 लाशें

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में जर्जर छज्जा गिरने से दो मजदूरों की मौत। वहीं, आगरा नहर से मिले युवक-युवती के शवों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

हरियाणा के फरीदाबाद में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। बल्लभगढ़ के चावला कॉलोनी के पास एक बंद दुकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय दोनों मजदूर छज्जे के नीचे खड़े थे और मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे एक दिन पहले नहर से युवक-युवति की लाशें बरामद हुई थीं।

3 दिन से बंद थी दुकान, जर्जर छज्जा गिरने से हादसा

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी अमरजीत कुमार और संतोष कुमार के रूप में हुई है। दोनों फरीदाबाद के जीवन नगर कॉलोनी में किराये पर रहकर मजदूरी करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। लगातार हो रही बारिश और छज्जे की जर्जर हालत के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

लगातार बारिश की वजह से जर्जर हो गया था छज्जा

बल्लभगढ़ थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में लगातार बारिश और छज्जे की खराब स्थिति हादसे की वजह लग रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में पुराने और जर्जर भवन लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। ऐसे में प्रशासन को समय रहते उनकी जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

एक दिन पहले नहर से निकली थीं 2 लाशें

फरीदाबाद में मंगलवार (14 जुलाई) को भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। आगरा नहर से एक युवक और महिला के शव बरामद हुए थे। दोनों के हाथ डेटा केबल से बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान आकाश उर्फ अक्कू (23) और रश्मि उर्फ रजनी (27) के रूप में की थी। घटनास्थल से महिला की कार, दो मोबाइल फोन और खून से सना एक हथौड़ा भी बरामद हुआ था। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.