गाजियाबाद: ट्रांस हिंडन की ‘ग्रीन वैली’ का बदलेगा स्वरूप, 10 करोड़ खर्च
गाजियाबाद नगर निगम ट्रांस हिंडन की ग्रीन वैली को 10 करोड़ की लागत से संवारेगा। साढ़े 7 किमी लंबा जॉगिंग ट्रैक और आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलेगी हरियाली।
गाजियाबाद में ट्रांस हिंडन के लोगों को जल्द हरियाली के बीच मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। गाजियाबाद नगर निगम इंदिरापुरम और वसुंधरा के बीच स्थित ग्रीन वैली को विकसित करने की योजना तैयार कर रहा है। परियोजना पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे लगभग साढ़े 7 किलोमीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। इसके साथ ही बेंच, एलईडी लाइट, कूड़ेदान और पौधरोपण कर ग्रीन वैली को आधुनिक सुविधाओं से लैस हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
ग्रीन वैली ट्रांस हिंडन क्षेत्र की सबसे बड़ी हरित पट्टियों में शामिल है, जहां प्रतिदिन लोग सुबह और शाम टहलने, दौड़ने और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। देखरेख के अभाव में वैली की स्थिति खराब हो चुकी है। जगह-जगह बेंच टूट चुकी हैं और पहले से बने एक मीटर चौड़े ट्रैक की इंटरलॉकिंग टाइल्स उखड़ चुकी हैं। कई स्थानों पर पेड़ भी सुख चुके हैं। इस कारण इस क्षेत्र में लोगों ने टहलना कम कर दिया है।
उद्यान विभाग सहायक अभियंता पवन कुमार ने बताया कि नगर निगम ग्रीन वैली को संवारने की योजना बना रहा है। योजना के तहत पूरे मार्ग पर व्यवस्थित जॉगिंग ट्रैक तैयार किया जाएगा, ताकि हर मौसम में लोग सुरक्षित रूप से मॉर्निंग वॉक और दौड़ लगा सकें। छायादार एवं सजावटी पौधों का रोपण कर हरियाली को और घना बनाया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य ग्रीन वैली को ऐसा सार्वजनिक स्थल बनाना है, जहां लोग स्वास्थ्य लाभ के साथ स्वच्छ और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा
जॉगिंग ट्रैक बनने से लोगों को नियमित व्यायाम के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिलेगा। सुबह और शाम बड़ी संख्या में सैर करने वाले, धावक और वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठा सकेंगे। ट्रैक के किनारे पौधरोपण होने से हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे यहां टहलने के लिए आने वाले लोगों को स्वच्छ हवा मिल सकेगी।
जलभराव से भी राहत मिलेगी
ग्रीन वैली के कई हिस्सों में बारिश के दौरान पानी भरने और कच्चे रास्तों के खराब होने की शिकायत रहती है। नई योजना में ट्रैक निर्माण के साथ जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। यदि ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावी बनाया गया तो बारिश के मौसम में भी लोगों को बिना किसी परेशानी के टहलने और दौड़ने की सुविधा मिल सकेगी।
डॉ. अनुज कुमार सिंह, उद्यान प्रभारी, नगर निगम, ”ग्रीन वैली के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की योजना तैयार की जा रही है। योजना में जॉगिंग ट्रैक, पौधरोपण और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे यहां टहलने के लिए आने वालों को लाभ होगा।”