दिल्ली: संसद मार्च के चलते मेट्रो स्टेशन और ट्रैफिक पर बड़ी एडवाइजरी
सीजेपी के संसद मार्च और मॉनसून सत्र के कारण दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई। राजीव चौक समेत कई मेट्रो स्टेशन प्रभावित, ट्रैफिक रूट भी बदले। पढ़ें लेटेस्ट अपडेट।
आज 20 जुलाई को कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) का संसद मार्च है। इसके अलावा आज से ही संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत हो रही है। सीजेपी के संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस खास तौर पर सतर्क है। पूरे दिल्ली में धारा 163 लागू की गई है। नई दिल्ली में राजीव चौक समेत पांच मेट्रो स्टेशन बंद किए गए। हालांकि मेट्रो कॉरपोरेशन का कहना है कि राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश द्वार खोल दिए गए हैं।
उधर, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को संसद मार्च की भी इजाजत नहीं दी है। पुलिस ने चेताया भी है कि अगर बवाल हुआ तो गिरफ्तारी तय है। उधर, संसद मार्च के चलते दिल्ली के इन मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ सकती है।
राजीव चौक समेत पांच मेट्रो स्टेशन बंद
सोमवार सुबह दिल्ली मेट्रो रेल सेवा की तरफ से बताया गया कि नई दिल्ली के पटेल चौक, राजीव चौक, उद्योग भवन, सेवा तीर्थ और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद हैं। हालांकि अब राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा और सभी प्रवेश और निकासी द्वार खोल दिए गए हैं।
संसद भवन से लगभग दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर जंतर-मंतर पर धरना दे रही सीजेपी ने अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदर्शनकारी कथित नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आज सीजेपी का संसद मार्च है। रविवार देर रात से ही जंतर-मंतर पर भारी भीड़ उमड़ने लगी है। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए हैं।
इन मेट्रो स्टेशन पर विशेष नजर
नई दिल्ली जिले में स्थित मेट्रो स्टेशन पर पुलिस की विशेष नजर है। इसमें राजीव चौक, बाराखंभा रोड, पटेल चौक, सेवा तीर्थ और लोक कल्याण मार्ग प्रमुख हैं। पुलिस इन मेट्रो स्टेशन से निकलने वाले लोगों की रिपोर्ट बनाएगी। जरूरत पड़ी तो इन्हें बंद कराया जाएगा।
दिल्ली में इन जगहों पर ट्रैफिक जाम की आशंका
सीजेपी के संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि है गाड़ी चलाने वालों को रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड जाने से बचना चाहिए। इसके अलावा विजय चौक, पटेल चौक गोलचक्कर, बोट क्लब, बूटा सिंह गोलचक्कर, रेल भवन गोलचक्कर, प्राइम चौक गोलचक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, जीआरजी गोलचक्कर और जलेबी चौक पर भी ट्रैफिक जाम रह सकता है।
इन रूटों का प्रयोग करें
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, वाहन चालकों को जनपथ, विनय मार्ग, मान सिंह रोड, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, अकबर रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, आरएमएलग गोलचक्कर, शांति पथ, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड, 11 मूर्ति, कमाल अतातुर्क मार्ग का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
गीतांजलि ने वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म करने की शर्त रखी
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने घोषणा की कि अगर नेता सफदरजंग अस्पताल में वांगचुक से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि संसद के मानसून सत्र में शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही का मुद्दा उठाया जाएगा, तो वह सोमवार को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके की रातभर धरना स्थल पर डटे रहने की अपील के बाद रविवार को बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पर पहुंचे और सोमवार को प्रस्तावित ‘संसद चलो’ मार्च से पहले वहां बैनर लगाए गए तथा प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की।