मनीषा न्याय संघर्ष: पंचायत में सीबीआई रिपोर्ट पर सवाल, 13 को श्रद्धांजलि
मनीषा को न्याय दिलाने के लिए भिवानी के ग्रामीणों की पंचायत। सीबीआई रिपोर्ट में विसंगतियों पर चिंता। 13 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा और आगामी आंदोलन पर चर्चा।
भिवानी। मनीषा को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेते हुए गांव ढाणी लक्ष्मण के मुख्य चौक में रविवार को ग्रामीणों और कमेटी सदस्यों की पंचायत हुई। पंचायत में निर्णय लिया कि मनीषा के पिता संजय और उनके साथ एक अन्य व्यक्ति सीबीआई कोर्ट पंचकूला में आवेदन देकर भिवानी और रोहतक की पोस्टमार्टम रिपोर्टों में बताए जा रहे अंतर को स्पष्ट कराने की मांग करेंगे।
पूर्व सरपंच महाबीर ने कहा कि यह लड़ाई केवल मनीषा की नहीं बल्कि हर बेटी की सुरक्षा की लड़ाई है। सरकार और सीबीआई से अपील है कि 14 अगस्त को प्रस्तुत होने वाली रिपोर्ट में सच्चाई सामने लाए। ऐसा नहीं हुआ तो श्रद्धांजलि सभा में आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के सचिव आजाद, सरपंच जयसिंह, पूर्व सरपंच शम्भू, रामकिशन, वीरेंद्र और बिजेंद्र गोरा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।