कुरुक्षेत्र: नहर में डूबे पूर्व सरपंच के बेटे का शव 15 किमी दूर बरामद

कुरुक्षेत्र के लाडवा से लापता पूर्व सरपंच के बेटे का शव करनाल के इंद्री में पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ। बाइक और मोबाइल नहर किनारे मिले थे।

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र के गांव बूढ़ा के पूर्व सरपंच के 36 वर्षीय बेटे की नहर में डूबने से मौत हो गई। बुधवार रात से लापता विपिन उर्फ आशु का शव शुक्रवार को करीब 15 किलोमीटर दूर करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ। उसकी बाइक हिनौरी पुल के पास नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने नहर में सर्च अभियान चलाया था।

जानकारी के अनुसार गांव बूढ़ा के पूर्व सरपंच विक्रम सिंह का बेटा विपिन उर्फ आशु 22 जुलाई की रात बाइक लेकर घर से निकला था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। तलाश के दौरान परिजनों को पता चला कि उसकी बाइक हिनौरी पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर के किनारे खड़ी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को कब्जे में लिया। जांच में विपिन के मोबाइल की आखिरी लोकेशन भी हिनौरी पुल के आसपास मिली।

नहर में चलाया गया सर्च अभियान
विपिन के नहर में गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। परिवार के लोग भी नहर के किनारे उसकी तलाश में जुटे रहे। इसी दौरान इंद्री क्षेत्र में नहर के पास मौजूद लोगों को पानी में शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकाला।

बेटी को पढ़ाने के बाद निकला था घर से
विपिन के चचेरे भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 22 जुलाई को विपिन घर पर अपनी बेटी को स्कूल का काम करवा रहा था। इसके कुछ समय बाद वह बाइक लेकर घर से बाहर चला गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। नहर किनारे उसकी बाइक मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई थी।

2019 में हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार विपिन की शादी वर्ष 2019 में हुई थी और उसके परिवार में पत्नी तथा करीब पांच साल की बेटी है। विपिन के अचानक लापता होने के बाद परिजन उसके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन शुक्रवार को उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया।

लाडवा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.