मुंबई के गॉडरेज स्काईशोर में विराट-अनुष्का ने खरीदा करोड़ों का फ्लैट, जानिए इस लग्जरी घर की खासियत
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने मुंबई के वर्सोवा में 18.29 करोड़ रुपए में खरीदा आलीशान अपार्टमेंट। जानिए इस लग्जरी घर की खासियत और डील से जुड़ी पूरी डिटेल्स।
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं. इस पॉवर कपल ने मुंबई के वर्सोवा इलाके में 18.29 करोड़ रुपए की भारी-भरकम कीमत में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अपार्टमेंट अंधेरी वेस्ट स्थित प्रीमियम प्रोजेक्ट गॉडरेज स्काईशोर की ऊपरी मंजिल पर स्थित है. यह स्टार कपल पिछले कुछ समय से अपने दोनों बच्चों को मीडिया और चकाचौंध की नजरों से दूर रखने के लिए लंदन में रह रहा है. लेकिन इस डील के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या वो भारत लौटने की योजना बना रहे हैं.
विराट-अनुष्का के नए घर में क्या है खास?
विराट-अनुष्का का यह फ्लैट 2,644 वर्ग फीट के विशाल कारपेट एरिया में फैला हुआ है. इस अपार्टमेंट के साथ 316 वर्ग फीट का एक्सक्लूसिव एरिया और तीन कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं. वहीं, इस संपत्ति का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन 21 जुलाई 2026 को हुआ है. दस्तावेजों के मुताबिक, इस डील के लिए विराट-अनुष्का ने 1.09 करोड़ रुपए की स्टैंप ड्यूटी और 30,000 रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया है.
वर्सोवा में इस नई संपत्ति की खरीद की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या विराट और अनुष्का वापस भारत शिफ्ट होने वाले हैं? हालांकि, इस मुद्दे पर अभी तक दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, मुंबई में यह उनका पहला घर नहीं है. इससे पहले भी इस कपल के पास वर्ली इलाके में एक अपार्टमेंट मौजूद है.
मैदान पर कब नजर आएंगे विराट?
अगर क्रिकेट के मैदान की बात करें, तो विराट कोहली हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक्शन में नजर आए थे। उस सीरीज में उन्होंने 48.00 की औसत और 109.09 के स्ट्राइक रेट से कुल 144 रन बनाए थे। अब उनके वेस्टइंडीज के भारत दौरे (3 वनडे और 5 टी-20 मैचों की सीरीज) के दौरान मैदान पर लौटने की संभावना है।