89 दिन बाद पार्क निदान अस्पताल के डॉक्टरों पर केस दर्ज, मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट पर मुरथल थाने में कार्रवाई

सोनीपत के पार्क निदान अस्पताल में महिला की मौत मामले में मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के बाद डॉ. विजेता दहिया सहित 2 डॉक्टरों पर लापरवाही की FIR दर्ज। पढ़ें पूरी खबर।

सोनीपत: मुरथल रोड स्थित पार्क निदान अस्पताल में बच्चेदानी के ऑप्रेशन के बाद महिला की मौत के मामले में मैडीकल बोर्ड की जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने डॉ. विजेता दहिया सहित 2 चिकित्सकों के खिलाफ चिकित्सकीय लापरवाही का मामला दर्ज किया है। शिकायत दर्ज होने के 89 दिन बाद हुई इस कार्रवाई को मृतका के परिजनों ने न्याय की दिशा में पहला कदम बताया है। गांव खेवड़ा निवासी रोहित ने 30 अप्रैल को मुरथल थाना में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी मां संतोष देवी की मौत इलाज में लापरवाही के कारण हुई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले को जांच के लिए सिविल अस्पताल के मैडीकल बोर्ड के पास भेजा था। बोर्ड की रिपोर्ट मिलने के बाद एफ.आई.आर. दर्ज कर ली गई।

शिकायत के अनुसार संतोष देवी के पेट में दर्द की शिकायत पर जांच करवाई गई थी जिसमें बच्चेदानी में 2 रसोलियां मिली थीं। इसके बाद 25 मार्च को उन्हें पार्क निदान अस्पताल ले जाया गया जहां दूरबीन विधि से छोटा ऑप्रेशन करने की सलाह दी गई। 26 मार्च को ऑप्रेशन से पहले 25 हजार रुपए जमा करवाए गए और सर्जरी की गई।

परिजनों का आरोप है कि ऑप्रेशन के दौरान रक्त की कमी बताकर 2 यूनिट खून मंगवाया गया। बाद में मरीज ने बताया कि दूरबीन की बजाय पेट खोलकर ऑप्रेशन किया गया। सर्जरी  के बाद लगातार तेज दर्द बना रहा और केवल दर्द निवारक इंजैक्शन दिए जाते रहे। 28 मार्च को सी.टी. स्कैन में संक्रमण का पता चला। आरोप है कि 29 मार्च वि को डाक्टरों ने बताया कि ऑप्रेशन के दौरान आंत कट गई थी, जिससे संक्रमण फैल गया। इसके बाद 30 मार्च को दोबारा ऑप्रेशन किया गया लेकिन 31 मार्च को संतोष देवी की मौत हो गई।

मैडीकल बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मरीज को फाइब्रॉएड यूटेरस था और ऑप्रेशन करना चिकित्सकीय रूप से उचित था। ऑप्रेशन के दौरान तकनीकी कठिनाइयों और अधिक रक्तस्त्राव के कारण लैप्रोस्कोपिक सर्जरी  को ओपन सर्जरी में बदलने का निर्णय भी सही माना गया। हालांकि बोर्ड ने उपचार के बाद की चिकित्सा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.