हरियाणा में 4 अगस्त तक जारी रहेगा मानसून का दौर, कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी

हरियाणा में मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जानें 4 अगस्त तक मौसम का पूरा हाल।

चंडीगढ़: हरियाणा में गुरुवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं रहेगा, लेकिन राज्य के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है. आईएमडी ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का मानना है कि इन क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां अन्य जिलों की तुलना में अधिक प्रभावी रहेंगी.

कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना: प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी और भिवानी में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार स्थानीय स्तर पर बादलों की सक्रियता के कारण कुछ स्थानों पर अचानक बारिश हो सकती है.

4 अगस्त तक मानसून के बने रहने के संकेत: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हरियाणा में 4 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. 31 जुलाई को उत्तर और पूर्वी हरियाणा में बारिश का दायरा बना रहेगा, जबकि 1 अगस्त को उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 2 अगस्त से पश्चिमी जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत मिले हैं. हालांकि पूरे प्रदेश में व्यापक और लगातार वर्षा की संभावना फिलहाल कम बताई गई है.

सिरसा सबसे गर्म जिला रहा: पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा अंबाला में 37.0 डिग्री, हिसार में 36.2 डिग्री, रोहतक में 35.6 डिग्री और फतेहाबाद में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि जिन इलाकों में बारिश कम हुई है, वहां तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है.

न्यूनतम तापमान में दर्ज हुई गिरावट: प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई. सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम के ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन पर 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. करनाल में 25.5 डिग्री, हिसार में 26.0 डिग्री, नारनौल में 26.5 डिग्री और रोहतक में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. रात के समय बादलों और वातावरण में नमी की वजह से तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है.

किसानों और आमजन के लिए राहत की उम्मीद: विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से किसानों को राहत मिल सकती है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां वर्षा की कमी बनी हुई है. वहीं शहरी इलाकों में तेज बारिश के दौरान जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.