सिकंदरपुर में ‘खुशी फ्लावरिस्ट’ के मालिक की दुकान में हत्या, सिर पर चोट के निशान

गुड़गांव के सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास 'खुशी फ्लावरिस्ट' दुकान के मालिक संजय (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच में जुटी है।

गुड़गांव : सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास खुशी फ्लावरिस्ट नामक फूलों की दुकान के अंदर उसके मालिक संजय की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मृतक के सर और हाथ पर चोटों के गहरे निशान मिले हैं तथा काफी खून बहा हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। हत्या की जानकारी बुधवार सुबह पुलिस को मिली। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव सिंकदरपुर निवासी दीपक यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता की प्रिया स्वदेशी केंद्र नाम से ए-ब्लॉक डीएलएफ फेज-एक में दुकान है। 29 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे दीपक के पास पड़ोस की दुकान से एक फोन आया। उसने बताया कि उनके पड़ोस में फूलों की दुकान चलाने वाला उसके भाई संजय की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर दीपक तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान के अंदर देखा कि संजय का शव पड़ा हुआ है और उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और खून निकला हुआ था। स्थानीय पूछताछ में दीपक को पता चला कि बीती रात संजय का अपनी ही दुकान पर किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि इसी कहासुनी या झगड़े के दौरान अज्ञात हमलावर ने संजय के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। दीपक ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। आपातकालीन रिस्पांस वाहन से सूचना मिलते ही एएसआई रमेश अपनी टीम और सिपाही अमित के साथ वाहन से तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को दुकान के अंदर संजय मृत अवस्था में मिला, जिसके सिर और हाथ पर चोट के निशान थे। एएसआई ने घटनास्थल और शव की तस्वीरें लीं। तुरंत थाना प्रबंधक, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, सीन ऑफ क्राइम टीम और एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया।

शिकायतकर्ता दीपक यादव के बयान पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। डीएलएफ फेज-एक थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बीती रात दुकान पर आए अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जा सके। मृतक की उम्र लगभग 35 साल है और वह शादीशुदा है। हत्या के कारणों और हत्यारोपी की पहचान नहीं हो पाई है। थाना पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा की टीमें जांच में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.