कॉमनवेल्थ में छाया हरियाणा, सीएम नायब सैनी बोले- ’13 में से 7 गोल्ड हमारी बेटियों और बेटों के नाम’

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में राज्य के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर गर्व जताया। साथ ही 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा अभियान' का ऐलान किया।

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर गर्व जताया. उन्होंने कहा कि, “सावन माह का पावन पर्व चल रहा है. मैं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं. हम सबके लिए कॉमनवेल्थ गेम्स में हमारे खिलाड़ियों का प्रदर्शन गर्व का विषय है. भारत दुनिया में चौथे स्थान पर रहा और हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.”

39 में से 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते: मुख्यमंत्री ने कहा कि, “भारत ने कुल 39 पदक जीते हैं, जिनमें से 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं. यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है. कुल 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं और उनमें भी 5 स्वर्ण हमारी बेटियों ने अपने नाम किए हैं. यह उपलब्धि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है.”

“प्रधानमंत्री के विजन से देश खेल शक्ति बना”: सीएम सैनी ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेल नीति को भी दिया. उन्होंने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के कारण आज भारत खेल शक्ति बन रहा है. मैं उन्हें बधाई देता हूं. खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलने का ही परिणाम है कि भारत लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है.”

“छोटा राज्य, लेकिन पदकों में सबसे आगे”: मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हरियाणा देश का छोटा राज्य है और हमारी आबादी केवल दो प्रतिशत है, लेकिन जब पदकों की बात आती है तो हरियाणा सबसे आगे खड़ा दिखाई देता है. देश के कुल पदकों में से लगभग 25 प्रतिशत पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं. यह राज्य की खेल नीति और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है.”

“खिलाड़ियों का सम्मान समारोह होगा”: सीएम ने कहा कि, “हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है. कॉमनवेल्थ में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. हमारी खेल नीति ही खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा आधार बनी है. खिलाड़ियों को रोजगार और प्रोत्साहन देने की नीति का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है.”

“9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान”: मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी. इस बार भी 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. आज यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है.”

“वंदे मातरम के साथ जुड़ेगा तिरंगा अभियान”: सीएम सैनी ने आगे कहा कि, “इस बार हर घर तिरंगा अभियान को वंदे मातरम की भावना के साथ जोड़ा गया है. स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे और वंदे मातरम के इतिहास पर प्रदर्शनियां लगेंगी. निबंध, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिताएं और स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.”

“महेंद्रगढ़ में होगा तिरंगा कॉन्सर्ट”: सीएम ने कहा कि, “9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा. सेल्फी विद तिरंगा अभियान प्रमुख डिजिटल गतिविधि होगी. मैं सभी प्रदेशवासियों से अपील करता हूं कि राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और मर्यादा के साथ फहराएं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की थी. इस वर्ष भी 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में कार्यक्रम होंगे. राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा. 13 अगस्त को प्रदर्शनी लगेगी और 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा निकाली जाएगी.”

“गुरु रविदास समरसता अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा”: सीएम ने कहा कि, “29 जुलाई 2026 को गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान शुरू किया गया है, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. वाराणसी स्थित जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी का कलश गुरुग्राम पहुंच चुका है. मैं भी इसके स्वागत समारोह में शामिल होऊंगा. 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी स्थित जन्मस्थली तक भव्य श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी. मुझे विश्वास है कि प्रदेश की जनता इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेगी.”

पेपर लीक पर विपक्ष पर साधा निशाना: वहीं, पेपर लीक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, “पेपर लीक कोई साधारण घटना नहीं थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसकी गहरी पीड़ा थी, इसलिए तुरंत जांच कराई गई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. कांग्रेस के शासन में युवाओं की कोई चिंता नहीं थी. बच्चों को बसों की छतों पर बैठकर परीक्षा देने जाना पड़ता था. प्रधानमंत्री मोदी पेपर लीक रोकने के लिए कानून लेकर आए. जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, वे पहले अपने शासन का हिसाब दें. पंजाब में पेपर लीक हुआ तो वहां जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की गई?”

“भर्ती रोको गैंग से हो रही देरी”: युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा, “हम तेजी से युवाओं को नौकरियां देना चाहते हैं, लेकिन भर्ती रोको गैंग हर भर्ती को अदालत में चुनौती देकर प्रक्रिया में देरी करवा देता है. इसके बावजूद सरकार लगातार पारदर्शी तरीके से भर्तियां कर रही है.”

कॉमनवेल्थ के आयोजन पर कांग्रेस को घेरा: अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन को लेकर कांग्रेस नेताओं के सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, “कांग्रेस सांसदों ने केवल अपनी हाजिरी लगवाई है. उन्हें अपने शासनकाल को भी याद करना चाहिए. वे कहते थे कि पदक लाओ और पद पाओ, लेकिन उन्होंने खिलाड़ियों के लिए कुछ नहीं किया. भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होना हम सभी के लिए गर्व की बात है.”

पंजाब कांग्रेस पर भी किया हमला: वहीं, पंजाब कांग्रेस में चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, “पंजाब कांग्रेस में जो कुछ हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है. कांग्रेस दलित नेतृत्व को आगे बढ़ते नहीं देख सकती. कठिन समय में साथ देने वालों को भी पार्टी ने दरकिनार कर दिया है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.