भिवानी के कॉलेजों में दाखिलों की रफ्तार धीमी, पहली लिस्ट की फीस जमा करने की डेट बढ़ी

भिवानी के कॉलेजों में स्नातक दाखिलों की सुस्त रफ्तार के चलते एडमिशन शेड्यूल बदला गया है। पहली लिस्ट की फीस 4 अगस्त तक जमा होगी और दूसरी सूची 6 अगस्त को आएगी।

भिवानी। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिलों की रफ्तार अपेक्षा से काफी धीमी है। पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद भी अधिकांश कॉलेजों में सीटें खाली रहने पर उच्चतर शिक्षा निदेशालय को प्रवेश शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी अब चार अगस्त तक प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।

इसके बाद छह अगस्त को दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहले दूसरी मेरिट सूची 30 जुलाई को जारी होनी थी लेकिन पहली मेरिट सूची के विद्यार्थियों को फीस जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया। दूसरी मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी 7 से 11 अगस्त तक प्रवेश शुल्क जमा करा सकेंगे।

शहर के चार प्रमुख महाविद्यालयों सहित जिले के अन्य कॉलेजों में इस बार विद्यार्थियों का रुझान कम देखने को मिल रहा है। प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में पहली मेरिट सूची के बाद अब तक केवल 30 से 40 प्रतिशत सीटों पर ही दाखिले हो पाए हैं। वहीं कुछ कॉलेज ऐसे भी हैं जहां अब तक महज 10 प्रतिशत सीटें ही भर सकी हैं। यही वजह है कि निदेशालय को पहले आवेदन और अब प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी।

12 अगस्त से शुरू होगी फिजिकल काउंसिलिंग
दोनों मेरिट सूचियों के बाद भी यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो संबंधित महाविद्यालयों में 12 अगस्त से फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल 13 अगस्त को दोबारा खोला जाएगा। विद्यार्थी 14 से 20 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश ले सकेंगे।

इसके बाद 21 से 27 अगस्त तक 100 रुपये लेट फीस के अलावा 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त विलंब शुल्क देकर दाखिला लिया जा सकेगा। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि मेरिट सूची में नाम आने पर निर्धारित अवधि के भीतर प्रवेश शुल्क अवश्य जमा करें। तय समय तक फीस जमा नहीं होने पर संबंधित सीट अगले पात्र अभ्यर्थी को आवंटित कर दी जाएगी।

प्रथम मेधा सूची के तहत फीस जमा करने की अंतिम तिथि अब 4 अगस्त है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। दूसरी मेरिट सूची अब 6 अगस्त को जारी होगी। इसके बाद भी सीटें खाली रहने पर फिजिकल काउंसिलिंग के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल 13 अगस्त को दोबारा खोला जाएगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.