गुड़गांव में एयर स्ट्राइक और बम धमाके की मॉक ड्रिल, विभागों ने परखी अपनी तैयारी
गुड़गांव में सिविल डिफेंस कार्यालय पर एयर स्ट्राइक और बम धमाके की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। SDRF, स्वास्थ्य और दमकल विभाग ने राहत कार्य का अभ्यास किया।
गुड़गांव : गुड़गांव में आज सुबह एयर स्ट्राइक हुई और सिविल डिफेंस ऑफिस पर बम गिरा। विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। दरअसल, आज सुबह 11 बजे सिविल डिफेंस की तरफ से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल में सिविल डिफेंस के साथ-साथ एसडीआरएफ, दमकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सिविल डिफेंस की डिप्टी कंट्रोलर सृष्टि ने बताया कि सुबह 11 बजे सिविल डिफेंस कार्यालय में इमरजेंसी अलार्म बजाया गया। इस दौरान मौके पर पहुंची टीमों ने विभिन्न विभागों को इस एयर स्ट्राइक के बारे में सूचित किया और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान तीन टीमें गठित की गई जिनका नेतृत्व बीर सिंह, विशाल और धीरज ने किया। मॉकड्रिल शुरू होते ही सूचना मिली कि दो लोग छत पर फंसे हुए हैं और सात लोग बिल्डिंग गिरने से मलबे में दबे हुए हैं। इस सूचना के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी विभागों के बेहतर कॉर्डिनेशन के चलते पहले मृत और घायलों की पहचान की गई। सबसे पहले घायलों को मलबे के नीचे से निकालकर एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद मृतकों के शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। करीब एक घंटे तक चली इस मॉक ड्रिल में सभी विभागों का बेहतर समन्वय देखने को मिला।

डिप्टी कंट्रोलर ने बताया कि माॅकड्रिल पूरी होने के बाद सिविल डिफेंस कार्यालय के बाहर एसेंबली की गई जिसमें पूरे अभ्यास का सारांश बताया गया। सभी विभागों के समन्वय को और बेहतर किए जाने के लिए उठाए गए ठोस कदमों और सुझावों को भी सभी से सांझा किया गया।