सिरसा के गांव देसूजोधा में गंदे पानी की सप्लाई से फैला संक्रमण, पंजाब के अस्पतालों में भर्ती मरीज

सिरसा के गांव देसूजोधा में दूषित पेयजल से 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार। स्वास्थ्य विभाग ने बांटी क्लोरीन गोलियां, पानी व ब्लड सैंपल लैब भेजे।

सिरसा : पंजाब सीमा से सटे डबवाली के गांव देसूजोधा में पिछले 10 दिनों से हालात बेकाबू हो चुके हैं। दरअसल गांव देसूजोधा में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण बीमारियां फैल गई हैं, जिसकी वजह से बच्चों और युवाओं समेत 30 से अधिक मरीज गंभीर अवस्था में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। आरोप है कि हाल ही में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन में बरती गई अनियमितताओं के कारण घरों में गंदा और चिकना पानी आ रहा है।

बता दें कि डबवाली के देसू जोधा गांव में गंदे पानी के सेवन से हड़कंप मचा हुआ है। उल्टी, पेट दर्द और तेज बुखार की शिकायत के बाद मरीजों को पास के स्वास्थ्य केंद्रों और पंजाब के बठिंडा व रामा मंडी के निजी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा है। गांव के PHC (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में पर्याप्त इलाज और सुविधाएं न होने के कारण कई मरीजों को सिरसा और लुधियाना तक रेफर किया गया है। फुल्लो रोड स्थित आवासीय क्षेत्र इस दूषित पानी की समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित है। 10 दिन पहले बिछाई गई नई पाइपलाइन में खराबी के कारण नलों में बदबूदार और चिकना पानी आ रहा है।

बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 423 घरों का सर्वे किया है। क्लोरीन की 3000 गोलियां बांटी गई हैं। 67 मरीजों का OPD इलाज किया गया है और 15 मरीज निजी अस्पतालों में दाखिल मिले हैं। हेपेटाइटिस B और C की जांच में रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने गांव में क्लोरीन की गोलियां बांटकर स्थिति पर काबू पाने का दावा किया है, लेकिन 48 घंटे बाद आने वाली लैब रिपोर्ट ही साफ करेगी कि पानी में बीमारी फैलाने वाले कौन से तत्व मौजूद थे।

वही स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ अभिजीत गर्ग ने बताया कि गांव देसूजोधा में पीलिया के फैलने की शिकायत विभाग को मिली है हालांकि अभी तक पीलिया की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर बच्चों की जांच की है। इसके साथ ही 40 बच्चों के सैंपल भी लिए गए है।

लैब में टेस्ट के लिए सैंपल भेजे गए है और उसके बाद रिपोर्ट आएगी रिपोर्ट आने के बाद ही पीलिया की स्थिति साफ़ हो सकेगी। इसके साथ ही हेपेटाइटिस B और C की जांच की गई है सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

उन्होंने कहा कि अभी फ़िलहाल बारिश के मौसम को देखते हुए जनस्वास्थ्य विभाग को स्वच्छ पानी देने के लिए निर्देश दिए गए है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपने घरों में सभी लोगों को पानी बार बार उबालकर पीने के लिए दे। उन्होंने कहा कि पोलिया के लक्षण दूषित पानी पीने से ही दिखाई देते है हालांकि दूषित पानी की शिकायत मिलने के बाद पानी के भी सैंपल लिए गए है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.