गोहाना में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 1.50 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ SI

थाना शहर गोहाना में तैनात एस.आई. जीत सिंह को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ए.सी.बी.) रोहतक की टीम 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

गोहाना : थाना शहर गोहाना में तैनात एस.आई. जीत सिंह को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ए.सी.बी.) रोहतक की टीम 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।

सोनीपत में जवाहर नगर के राजेश कुमार ने ए.सी.बी. को शिकायत दी कि उसकी बहन के देवर पवन के खिलाफ थाना शहर गोहाना में अक्तूबर 2025 में केस दर्ज हुआ था। पवन ने सैक्टर-7 में पी.एन.एल. मोर दैन बैंक के नाम से एक संस्था बनाई थी। उसने कम समय में पैसे डबल करने का लालच देकर करोड़ों रुपए जमा करवाए। कई लोगों ने बताया कि जब उनकी एफ.डी. पूरी होने का समय आया तो पवन बैंक का ताला लगाकर भाग गया। पवन के साथ अन्य लोगों पर भी केस दर्ज हुआ था।

आरोप है कि पवन की गिरफ्तारी के बाद जांच अधिकारी एस. आई. जीत सिंह ने रिमांड के दौरान मारपीट करने और परिवार के अन्य निर्दोष सदस्यों को गिरफ्तार करने की धमकी देकर पहले 3.50 लाख रुपए रिश्वत के तौर पर वसूले। बाद में परिवार के अन्य सदस्यों के नाम केस से निकालने के एवज में 10 लाख रुपए की मांग की। सौदा 3 लाख रुपए में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत को उसने रिकार्ड कर लिया था। शुक्रवार को एस.आई. ने उसे रिश्वत के डेढ़ लाख रुपए देने गोहाना बुलाया। नई सब्जी मंडी गोहाना क्षेत्र में ए.सी.बी. की टीम ने एस. आई. को गिरफ्तार किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.