राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने संसद में उठाई हरियाणा के लिए 3 नई रेल सुविधाओं की मांग

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने संसद में हरियाणा के श्रद्धालुओं, सैनिकों और यात्रियों के लिए नई ट्रेनों और जुलाना में स्टॉपेज की मांग मजबूती से उठाई।

चंडीगढ़ : हरियाणा के लाखों श्रद्धालुओं, यात्रियों और आम नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं की मांग को आज राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने संसद में प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने सदन के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान उन आवश्यक रेल सेवाओं की ओर आकर्षित किया, जिनका इंतजार प्रदेश की जनता वर्षों से कर रही है।

सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि अंबाला, जींद, जुलाना, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों श्रद्धालुओं की श्री खाटूश्याम धाम के प्रति अटूट आस्था है, लेकिन पर्याप्त एवं सुविधाजनक रेल संपर्क के अभाव में उन्हें हर वर्ष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पहली मांग रखते हुए कहा कि ट्रेन संख्या 20409/20410 का जुलाना रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि जुलाना एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा अन्य यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके और उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी हो।

दूसरी मांग के रूप में उन्होंने वर्तमान में विशेष गाड़ी के रूप में संचालित ट्रेन संख्या 09639/09640 को स्थायी दैनिक इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में नियमित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल सहित हरियाणा के अनेक जिलों तथा राजस्थान के प्रमुख शहरों के बीच महत्वपूर्ण रेल संपर्क प्रदान करती है। वर्तमान में यह ट्रेन अच्छी यात्री संख्या के साथ संचालित हो रही है और धार्मिक यात्राओं, व्यापारिक गतिविधियों तथा दैनिक आवागमन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई है।

सांसद  कार्तिकेय शर्मा ने इसके साथ ही चंडीगढ़ से बाड़मेर तक अंबाला, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, रेवाड़ी, नारनौल और रींगस होते हुए नई दैनिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि नारनौल और अटेली जैसे सैनिक-बहुल क्षेत्रों के अनेक वीर जवान देश की पश्चिमी सीमा पर बाड़मेर सेक्टर में तैनात होकर मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं। ऐसी सीधी रेल सेवा शुरू होने से हमारे सैनिकों को अपने घर और ड्यूटी स्थल के बीच अधिक सुगम, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली यात्रा सुविधा मिल सकेगी। यह केवल एक रेल सेवा नहीं, बल्कि देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक होगा।

अंत में सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि यह केवल रेल सुविधाओं का विषय नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, आमजन की सुविधा और हमारे वीर सैनिकों के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनता की वर्षों पुरानी अपेक्षाओं को जल्द पूरा किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.