दिल्ली-पानीपत नमो भारत ट्रेन का करनाल तक होगा विस्तार, NCRTC ने शुरू किया सर्वे
दिल्ली-पानीपत नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर को अब करनाल तक विस्तार देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। NCRTC ने सर्वे शुरू किया, जानें पूरा रूट प्लान और अपडेट।
चंडीगढ़ : दिल्ली-पानीपत-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित कॉरिडोर को पानीपत से आगे करनाल तक विस्तार देने की कवायद तेज हो गई है।
केंद्र सरकार की पहल के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने प्रस्तावित विस्तार को लेकर रूट का सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा हरियाणा सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर परियोजना के अगले चरण पर निर्णय लिया जाएगा।
2041 के ट्रैफिक अनुमान ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली से पानीपत और आगे अंबाला की ओर जाने वाले हाईवे पर वर्तमान में रोजाना करीब डेढ़ से दो लाख वाहनों की आवाजाही होती है। वर्ष 2041 के ट्रैफिक अनुमान के मुताबिक आने वाले वर्षों में इस मार्ग पर वाहनों का दबाव मौजूदा स्तर से करीब ढाई गुना तक बढ़ सकता है। ऐसे में सड़क परिवहन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन के मजबूत विकल्प की जरूरत महसूस की जा रही है।
करनाल तक हाईवे पर वाहनों की संख्या लगातार अधिक रहती है। पानीपत और करनाल के आसपास औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के कारण भी आने वाले समय में यातायात बढ़ने की संभावना है। इसी भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए नमो भारत ट्रेन के कॉरिडोर को करनाल तक ले जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
पानीपत तक पहले ही मिल चुकी है सैद्धांतिक मंजूरी
दिल्ली से पानीपत तक नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। हरियाणा सरकार भी इस परियोजना को लेकर सैद्धांतिक सहमति दे चुकी है। अब इसे पानीपत से आगे करनाल तक बढ़ाने की संभावनाओं का तकनीकी और व्यवहारिक आकलन किया जा रहा है।
NCRTC द्वारा किए जा रहे सर्वे में संभावित रूट, यातायात की जरूरत, यात्रियों की संभावित संख्या और भविष्य में कॉरिडोर की उपयोगिता जैसे पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि करनाल तक विस्तार के लिए किस रूट को उपयुक्त माना जाता है।
मनोहर लाल की पहल से बढ़ी उम्मीद
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, जो करनाल से सांसद भी हैं, इस कॉरिडोर को करनाल तक विस्तार देने की जरूरत पर जोर देते रहे हैं। उनका मानना है कि दिल्ली से करनाल तक नमो भारत ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होने से दिल्ली-अंबाला हाईवे पर निर्भर यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
सड़क पर वाहनों का दबाव घटाने में मिलेगी मदद
नमो भारत ट्रेन के करनाल तक विस्तार से दिल्ली-NCR और हरियाणा के बीच आवागमन का एक नया विकल्प तैयार होगा। इससे रोजाना हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों का एक हिस्सा सार्वजनिक परिवहन की ओर स्थानांतरित हो सकता है। परिणामस्वरूप सड़क पर निजी वाहनों का दबाव कम करने और भविष्य की यातायात जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है। अब निगाहें एनसीआरटीसी के सर्वे पर टिकी हैं।
रिपोर्ट आने के बाद केंद्र और हरियाणा सरकार के स्तर पर परियोजना के विस्तार को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। यदि करनाल तक विस्तार को मंजूरी मिलती है तो दिल्ली से करनाल के बीच क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।