दिल्ली-जयपुर हाईवे पर होटल के कमरे में युवक की संदिग्ध मौत, साथी फरार

रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित निजी होटल के कमरे में राजस्थान निवासी 36 वर्षीय यशवंत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। साथी संदीप फरार, पुलिस जांच जारी।

रेवाड़ी : दिल्ली-जयपुर हाईवे संख्या-48 स्थित एक निजी होटल के कमरे में राजस्थान निवासी 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना 10 अगस्त की बताई जा रही है। मृतक की पहचान यशवंत, निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। उसके साथ होटल में ठहरा संदीप (36) घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यशवंत और संदीप बावल के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने के लिए आए थे। दोनों की कंपनी में अभी जॉइनिंग नहीं हुई थी। इसके चलते उन्होंने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित एक निजी होटल में कमरा बुक कराया था। बताया जा रहा है कि रात के समय दोनों कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। कुछ समय बाद होटल का वेटर कमरे में पहुंचा तो यशवंत मृत अवस्था में पड़ा मिला, जबकि उसका साथी संदीप वहां मौजूद नहीं था। होटल प्रबंधन ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बावल थाना पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद बावल थाना प्रभारी फूल कुमार अपनी टीम के साथ होटल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, फरार साथी संदीप की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.