धारूहेड़ा में बाइक सवार दो लड़कियों ने पेचकस से खोला ATM, CCTV में कैद हुई वारदात
धारूहेड़ा बस स्टैंड पर Hitachi ATM के साथ बाइक सवार दो लड़कियों ने की छेड़छाड़। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी।
रेवाड़ी: धारूहेड़ा शहर के बीचों-बीच स्थित बस स्टैंड पर दिनदहाड़े ATM से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. यहां बाइक पर सवार होकर पहुंचीं दो लड़कियों ने कथित तौर पर ATM मशीन को पेचकस से खोलने की कोशिश की. एक लड़की मशीन के साथ छेड़छाड़ करती रही, जबकि दूसरी ATM के गेट पर खड़ी होकर बाहर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखती रही. पूरी घटना ATM में लगे CCTV में कैद हो गई.
रेवाड़ी में एटीएम से छेड़छाड़: मामले की जानकारी मिलने के बाद हिताची कंपनी के ATM पर तैनात गार्ड ने पुलिस को शिकायत दी. धारूहेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों लड़कियों ने ATM से कोई रकम चोरी की या नहीं.
बाइक से पहुंचीं, ATM में दाखिल हुई युवतियां: रेवाड़ी पुलिस के अनुसार, धारूहेड़ा बस स्टैंड पर हिताची कंपनी का ATM लगा हुआ है. घटना सुबह के समय की बताई जा रही है. CCTV फुटेज में दो लड़कियां बाइक पर सवार होकर ATM के पास पहुंचती दिखाई देती हैं. दोनों बाइक को बाहर खड़ा करने के बाद ATM के अंदर चली गईं. इसके बाद एक लड़की ने कथित तौर पर पेचकस निकालकर ATM मशीन के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. दूसरी लड़की ATM के गेट के पास खड़ी रही और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखती रही.
ATM से पैसे निकालने पहुंचे ग्राहक तो मशीन नहीं चली: गार्ड के मुताबिक, बाद में जब एक ग्राहक ATM से पैसे निकालने पहुंचा, तो मशीन काम नहीं कर रही थी. इसके बाद ATM की जांच की गई, तो मशीन के साथ छेड़छाड़ किए जाने का पता चला. गार्ड ने इसके बाद CCTV फुटेज की जांच की. फुटेज में दो लड़कियां ATM के अंदर जाती और एक लड़की को पेचकस से मशीन के साथ छेड़छाड़ करते हुए देखा गया. दूसरी लड़की इस दौरान गेट के पास खड़ी दिखाई दी. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने दर्ज किया मामला: धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुंडू के मुताबिक “हिताची कंपनी में तैनात गार्ड की ओर से शिकायत मिली थी कि दो लड़कियों ने ATM मशीन के साथ छेड़छाड़ की है. CCTV फुटेज में दोनों लड़कियां बाइक से ATM तक पहुंचती दिखाई दी हैं. एक लड़की पेचकस से मशीन के साथ छेड़छाड़ करती नजर आ रही है, जबकि दूसरी बाहर खड़ी होकर निगरानी करती दिखाई दे रही है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. ATM से कितनी रकम चोरी हुई है या चोरी हुई भी है या नहीं, ये जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.”
आरोपियों की तलाश जारी: CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश: पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों लड़कियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. साथ ही उस बाइक की भी जांच की जा रही है, जिस पर दोनों ATM तक पहुंची थीं. पुलिस ये भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों किसी संगठित गिरोह से जुड़ी हैं या फिर उन्होंने अकेले ही ATM को निशाना बनाने की कोशिश की.