Ghaziabad Crime Update: भोजपुर क्षेत्र में महिला से हैवानियत, परिवार को 5 दिन तक घर में बंधक बनाकर दी धमकी

मोदीनगर के भोजपुर में बच्चे की कनपटी पर तमंचा रखकर महिला से दुष्कर्म। पुलिस ने मुख्य आरोपी वकील को गिरफ्तार किया।

गाजियाबाद जिले के मोदीनगर के भोजपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में दूसरे धर्म के युवक ने बच्चे की कनपटी पर तमंचा रखकर महिला से रेप किया। आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर महिला समेत परिजनों को धमकाकर पांच दिन तक घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया। सोमवार रात को महिला किसी तरह भोजपुर थाने पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एक गांव में महिला अपने बच्चे के साथ रहती और पति बेंगलुरु में नौकरी करते हैं। महिला ने बताया कि तीन अगस्त की दोपहर दो बजे वह अपने बच्चे के साथ घर में कमरे में सो रही थी। इसी बीच गांव निवासी वकील जबरन घर में घुस आया। आरोपी ने महिला को कमरे में ही पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। वहीं, जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने बच्चे पर तमंचा तान दिया और कहा कि यदि विरोध किया तो गोली मार दूंगा। इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। यह बात महिला ने फोन अपने पति को बताई।

चार अगस्त की रात को पीड़िता के पति घर पहुंचे और तहरीर देने की बात कही। अगले ही दिन आरोपी वकील के साथी परवेज और शकील आए और उन्होंने कहा कि यदि इस बात की शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से हाथ धोना होगा। सोमवार को महिला किसी तरह अपने पति के साथ भोजपुर थाने पहुंची और तहरीर दी। वहीं मामले का पता चलने के बाद गांव में तनाव जैसी स्थिति बनी हुई है।

मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने कहा कि तहरीर पर धमकी देने वाले शकील और परवेज के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है। महिला को मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस लगातार गांव में गश्त कर रही है।

महिला पर दूसरी शादी करने का आरोप

भोजपुर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। एक गांव निवासी युवक की दस वर्ष पूर्व शादी हुई थी। कुछ दिन पहले उनकी पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। वह घर से जेवरात व नगदी लेकर गई थी। आरोप है कि महिला ने बिना तलाक दिए किसी दूसरे युवक से शादी कर ली है। आरोप है कि शादी के लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार कर लिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.