गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक चलेंगे 11 नमो भारत और 18 मेट्रो स्टेशन, जानिए पूरा रूट
72.44 किमी लंबे कॉरिडोर पर नमो भारत के 11 और मेट्रो के 18 स्टेशन बनेंगे। 180 किमी/घंटा की रफ्तार से यात्रा होगी आसान।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के गाजियाबाद-जेवर के 72.44 किलोमीटर लंबे गलियारे में नमो भारत के 11 और मेट्रो के 18 स्टेशन बनाए जाएंगे। नमो भारत के लिए प्रस्तावित स्टेशनों में गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) द्वारा शेयर किए गए स्टेशन विवरण में यह जानकारी दी गई है।
इस गलियारे पर 11 स्टेशन नमो भारत सेवाएं प्रदान करेंगी, जबकि मार्ग में पड़ने वाले 18 स्टेशन स्थानीय मेट्रो सेवाएं मुहैया कराएंगी। इससे यात्री गाजियाबाद, नोएडा और हवाई अड्डे के बीच क्षेत्रीय रैपिड रेल और स्थानीय मेट्रो दोनों से सफर कर सकेंगे। हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि यह गलियारा अभी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के स्तर पर है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, 72.44 किलोमीटर लंबा यह गलियारा दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे के गाजियाबाद स्टेशन को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ेगा। कुल लंबाई में से लगभग 71.5 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड होगा, जबकि 1.29 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड होगा।
इस गलियारे पर प्रस्तावित नमो भारत स्टेशन हैं – गाजियाबाद दक्षिण, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12, सूरजपुर, अल्फा-1, इकोटेक-6, दनकौर, यीडा नॉर्थ (सेक्टर-18), यीडा सेंट्रल (सेक्टर-21) और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा। प्रस्तावित मार्ग के अनुसार मेट्रो स्टेशनों में सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा सेक्टर 16सी, इकोटेक 12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (सेक्टर-4), ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10, नॉलेज पार्क 5, पुलिस लाइंस सूरजपुर, इकोटेक-2, नॉलेज पार्क-3, ओमेगा-2, फाई-3, इकोटेक-1ई, इकोटेक-8, दादुपुर, जुनेदपुर, यीडा सेक्टर-17, यीडा सेक्टर-15 और यीडा सेक्टर-33 शामिल हैं।
इस गलियारे पर अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति की योजना बनाई गई है। इससे गाजियाबाद, नोएडा और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 40 से 50 मिनट रह जाने की उम्मीद है।
वहीं, दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम-बावल नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर को बावल से आगे बहरोड़ तक पहले ही चरण में पूरा किया जाएगा। एनसीआर प्लानिंग कमेटी से बावल से बहरोड़ तक बढ़ाने की स्वीकृति मिल चुकी है। इस पर करीब 8 हजार करोड़ रुपए खर्च होगा। बावल से बहरोड़ के बीच 36 किलोमीटर के इस हिस्से में 4 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस दूरी को तय करने में करीब 24 मिनट का समय लगेगा।