गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन में बनेगी एयरोसिटी, 1 हफ्ते में चिह्नित होगी जमीन
राजनगर एक्सटेंशन में 230 हेक्टेयर पर बसेगी एयरोसिटी। 1 हफ्ते में पूरा होगा नया सर्वे, 21 अगस्त को बोर्ड में जाएगा प्रस्ताव।
इस योजना को परवान चढ़ाने के लिए जीडीए ने जमीन चिह्नित करने के लिए पूर्व में सर्वे कराया था। इसके बाद किसानों और आम लोगों से आपत्ति व सुझाव मांगे। आपत्तियों के दौरान कई चौंकाने वाली तथ्य सामने आए। किसानों व लोगों ने आरोप लगाया कि जिस जमीन को एयरोसिटी के लिए चिह्नित किया गया है, उस पर उनका कई सालों से मकान बना हुआ है। साथ ही वहां पूरी कॉलोनी बसी हुई है। ऐसे में यह सर्वे पूरी तरह कागजी है। किसानों और लोगों की आपत्ति के बाद जीडीए के संपत्ति अनुभाग ने अपने दस्तावेज खंगाले, जिसमें यह जानकारी सही पाई गई।
इसके बाद जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने एक कमेटी का गठन किया। कमेटी ने दस्तावेजों का सही से आंकलन किया। इसके बाद अब एक हफ्ते के भीतर दोबारा सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट में उस चिह्नित जमीन को योजना से बाहर किया जाएगा, जिस पर किसान व लोगों ने आपत्ति लगाई थी। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस रिपोर्ट के साथ ही जमीन खरीदने का प्रस्ताव 21 अगस्त को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इस योजना के लिए जीडीए ने दो विकल्पों से जमीन लेना तय किया है। प्राधिकरण मुख्य रूप से किसानों से संपर्क कर लैंड पूलिंग के जरिये योजना में चिह्नित भूमि ले सकता है। इसे ही प्राथमिकता दी जाएगी।
तीन गांव की जमीन ली जाएगी
जीडीए अधिकारी ने बताया कि टाउनशिप के लिए तीन गांवों की जमीन ली जाएगी। इसमें मुख्य रूप से अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव शामिल हैं। इन गांवों की करीब 230.2232 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप बसेगी, जिसमें से प्राधिकरण को यहां करीब 200.2515 हेक्टेयर जमीन किसानों से लेनी है। किसानों से जमीन लेने के लिए कीमत भी तय हो चुकी है। इसमें जीडीए अटौर गांव की 108.2604 हेक्टेयर जमीन अर्जित करेगा। जमीन का सर्किल रेट 3,630 प्रति वर्ग मीटर है, जिसे 14,520 रुपये प्रति वर्ग मीटर से लिया जाएगा। मोरटी गांव की 51.9754 हेक्टेयर जमीन का सर्किल रेट 4,350 रुपये प्रति वर्ग मीटर है, जिसे 17,400 रुपये प्रति वर्ग मीटर से लेना तय है।
कंपनियों के दफ्तर बनेंगे
एयरोसिटी टाउनशिप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास बसाई जाएगी। यह पूरी तरह व्यावसायिक टाउनशिप होगी। यहां कई बड़ी कंपनियों के ऑफिस, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, स्पोर्ट्स एकेडमी, गोल्फ कोर्स, दुकान, शोरूम आदि के लिए प्लॉट कांटे जाएंगे।
विवेक मिश्र, सचिव, जीडीए ”राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी टाउनशिप की तैयारी चल रही है। इसकी जमीन चिह्नित करने के लिए एक हफ्ते में सर्वे रिपोर्ट तैयार होगी। इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।”