दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा सख्त, KMP-KGP पर डायवर्ट किए गए भारी वाहन
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा के कुंडली बॉर्डर और NH-44 पर सुरक्षा बढ़ाई गई। वाहनों की चेकिंग जारी।
सोनीपत : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सोनीपत जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली से सटे होने के कारण प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं बरतना चाहता। दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित नेशनल हाईवे-44 पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुंडली बॉर्डर समेत NH-44 पर कुल 6 स्थानों पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई है। दिल्ली की ओर जाने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। कुंडली बॉर्डर के साथ साथ नेशनल हाईवे 44 पर सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संदिग्ध वाहनों और लोगों पर नजर रखने के लिए जिले भर में नाकेबंदी बढ़ा दी गई है।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके चलते सोनीपत पुलिस ने भी भारी वाहनों को KGP और KMP एक्सप्रेसवे के रास्ते डायवर्ट कर दिया है, ताकि दिल्ली शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव न बढ़े ।
केवल बॉर्डर ही नहीं, जिले के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और CCTV के जरिए निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपना पहचान पत्र साथ रखें और पुलिस को सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।15 अगस्त के दिन NH-44 और दिल्ली जाने वाले रूट पर ट्रैफिक धीमा रह सकता है।