ग्रेटर नोएडा में अधूरे सर्विस रोड का निर्माण तेज, परी चौक पर नया यू-टर्न जल्द होगा शुरू

ग्रेटर नोएडा के 10 से अधिक सेक्टरों में अधूरे सर्विस रोड का निर्माण शुरू। UP Trade Show से पहले परी चौक पर नया यू-टर्न भी होगा चालू।

ग्रेटर नोएडा शहर के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों में अधूरे पड़े सर्विस रोडों का निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। इस समय सेक्टर डेल्टा-1, सिग्मा-2, पाई-1 और सेक्टर-27 समेत 10 से अधिक सेक्टरों में अधूरे सर्विस रोडों को पूरा करने का काम चल रहा है। इसके अलावा परी चौक के पास नया यूटर्न जल्द शुरू होगा।

परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, सर्विस रोड की मरम्मत का काम भी मॉनसून के बाद शुरू किया जाएगा। इससे आवाजाही आसान हो जाएगी। सेक्टर के चारों तरफ सर्विस मार्ग के बनने पर मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि सेक्टर डेल्टा-1, सिग्मा-2, पाई-1 आईटीबीपी सोसाइटी के पास और सेक्टर- 27 गोदरेज सोसाइटी के पास के अधूरे पड़े सर्विस मार्ग को पूरा करने का काम चल रहा है। यह काम 6-7 माह के दौरान पूरा कर लिया जाएगा।

दरअसल ग्रेटर नोएडा का विस्तार होने और आबादी बढ़ने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। सुबह और शाम को व्यस्त समय में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राधिकरण ने मुख्य सड़क को चौड़ी करने के साथ सेक्टरों के पेरिफेरल यानी चारों तरफ और सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।

यहां अधिक परेशानी

सेक्टर बीटा-1, 2, डेल्टा-1,2, अल्फा-1, 2 और म्यू आदि में सर्विस रोड टूट चुके हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक मॉनसून के बाद टेंडर जारी कर टूटी सड़क की मरम्मत का काम कराया जाएगा। वहीं, कई सेक्टर में सर्विस मार्ग के लिए आरक्षित जगह पर अतिक्रमण भी हो रखा है।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”सर्विस मार्गों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। अतिक्रमण की वजह से जो सर्विस रोड अधूरे पड़े हैं, उन्हें भी पूरा किया जाएगा।”

परी चौक के पास जल्द शुरू होगा नया यूटर्न

वहीं, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर परी चौक मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन यूटर्न इस माह चालू हो जाएगा। इंडिया एक्सपो मार्ट से नोएडा और दिल्ली के लिए जाने वाले वाहन इस यूटर्न का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे परी चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। जाम की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल जाएगी।

परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक अगले महीने 25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला को देखते हुए इस यूटर्न का काम प्रमुखता के आधार पर किया जा रहा है। व्यापार मेले में प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोग आते हैं। ऐसे में परी चौक और उसके आसपास के इलाके लंबा जाम लग जाता है। अधिकारी के मुताबिक इस यूटर्न के बनने पर एक्सपो मार्ट से नोएडा और दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन परी चौक पर नहीं आएंगे। यूटर्न की मदद से एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएंगे। पहले इस यूटर्न को 12 अगस्त तक तैयार करने लक्ष्य रखा गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित बायो एनर्जी एक्सपो में आना प्रस्तावित था। कार्यक्रम रद्द होने पर यूटर्न का काम धीमा हो गया।

राहत की उम्मीद

परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि इस यूटर्न को अगले तीन दिनों में तैयार कर चालू करने का लक्ष्य है। प्राधिकरण इस यूटर्न को यूपी ट्रेड शो को ध्यान में रखकर बना रहा है, ताकि बड़े आयोजनों के दौरान यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। सीईओ रवि कुमार एनजी द्वारा विशेष निर्देश दिए गए हैं। बता एक्सपो मार्ट में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान जाम लग जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.