लाल बत्ती लगी स्कॉर्पियो और लग्जरी गाड़ियों से स्टंट करने वाले 8 युवक गिरफ्तार, गाड़ियां जब्त
सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस पर लाल बत्ती स्कॉर्पियो व लग्जरी गाड़ियों से स्टंट कर रील बनाना पड़ा भारी। पुलिस ने 8 गिरफ्तार किए।
सोनीपत: सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस पर लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ हुड़दंग और स्टंट करना युवकों को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है.
काफिले में स्टंट करते दिखे: वीडियो में सबसे आगे लाल बत्ती लगी स्कॉर्पियो दिखाई दे रही थी. उसके पीछे कई लग्जरी गाड़ियां काफिले के रूप में चल रही थीं. इनमें सवार युवक सड़क पर स्टंट करते नजर आए. काफिले में शामिल कुछ गाड़ियों पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी.
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई: वीडियो सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने गाड़ियों के ड्राइवर समेत 8 युवकों को पकड़ लिया. लाल बत्ती लगी स्कॉर्पियो और बिना नंबर प्लेट वाली अन्य गाड़ियों को भी कब्जे में लिया गया है. इस बारे में सिविल लाइन थाना प्रभारी परमिंदर ने कहा कि, “व्हाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो बरामद हुई थी, जिसमें एक स्कॉर्पियो पर लाल बत्ती लगी हुई थी और उसके पीछे अन्य लग्जरी गाड़ियां चल रही थीं. इन गाड़ियों पर स्टंट किए जा रहे थे.”
रील बनाने के लिए किया स्टंट: थाना प्रभारी ने आगे बताया कि, “युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए स्टंट कर रहे थे. हुड़दंग और स्टंट करने वाले सभी युवकों और उनकी गाड़ियों को पकड़ लिया गया है. गाड़ी पर लाल बत्ती सेक्टर-14 से लगवाई गई थी. सार्वजनिक सड़क पर हुड़दंग, स्टंट और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.” पुलिस की कार्रवाई के बाद रील और स्टंट के लिए सड़क पर नियम तोड़ने वालों में हड़कंप है.