मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में रचा इतिहास, 32 साल पुराना अनिल कुंबले का रिकॉर्ड दोहराया

भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में पासिंदु सूरियाबंदारा को गोल्डन डक पर आउट कर अनिल कुंबले का 32 साल पुराना रिकॉर्ड दोहराया।

भारत ने गॉल टेस्ट मैच में मेजबान श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का टारगेट रखा है. लेकिन इस रन चेज में श्रीलंका की शुरुआत काफी खराब रही. टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम के खिलाफ युवा भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने एक बार फिर नई गेंद से कहर बरपाते हुए इतिहास रच दिया. सुथार ने पारी के 8वें ओवर में श्रीलंकाई डेब्यूटेंट पासिंदु सूरियाबंदारा को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेजकर 32 साल पुराना अनोखा रिकॉर्ड दोहरा दिया.

डेब्यू पर फ्लॉप हुए सूरियाबंदारा

दरइसल, इस मुकाबले के बीच श्रीलंका के सबसे अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल फील्डिंग के दौरान बाउंड्री लाइन पर गेंद रोकने की कोशिश में गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे. गर्दन में तेज चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद युवा खिलाड़ी पासिंदु सूरियाबंदारा को बीच मैच में कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला. लेकिन पारी के 8वें ओवर में गेंदबाजी करने आए मानव सुथार ने उन्हें क्रीज पर टिकने का मौका ही नहीं दिया.

मानव सुथार ने गुड लेंथ पर गेंद फेंकी और सूरियाबंदारा टर्न की उम्मीद में बैकफुट पर खेलने गए, लेकिन गेंद बिना टर्न हुए सीधे अंदर आई और पैड पर जा टकराई. लेकिन मैदानी ने अपील को नकार दिया, फिर सुथार के पूरे भरोसे को देखते हुए कप्तान शुभमन गिल ने तुरंत DRS ले लिया. बॉल-ट्रैकिंग के बाद थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज को एलबीडब्ल्यू आउट करार दे दिया और भारतीय खेमा जश्न में डूब गया.

32 साल बाद हुआ ये कमाल

सूरियाबंदारा के इस विकेट के साथ ही टेस्ट क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक्स में दो बड़े आंकड़े दर्ज हो गए. सूरियाबंदारा पिछले 10 सालों में टेस्ट डेब्यू पर गोल्डन डक होने वाले पहले श्रीलंकाई बल्लेबाज बने. वहीं, मानव सुथार पिछले 32 सालों में किसी विरोधी डेब्यूटेंट को टेस्ट डेब्यू पर गोल्डन डक करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने. पिछली बार 1994 में महान अनिल कुंबले ने वेस्टइंडीज के कैमरन कफी को डेब्यू पर पहली गेंद पर आउट किया था.

Leave A Reply

Your email address will not be published.