Greater Noida Road Project: सिरसा गोलचक्कर से खेरली नहर तक सड़क होगी 3 लेन, जाम से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गोलचक्कर से खेरली नहर तिराहा तक की सड़क को 3 लेन किया जा रहा है। जानिए इस प्रोजेक्ट की पूरी डिटेल और इससे कितने लोगों को फायदा होगा।
ग्रेटर नोएडा शहर के सिरसा गोलचक्कर से खेरली नहर तिराहा तक की सड़क को चौड़ा कर तीन लेन करने का काम मॉनसून के बाद और तेज होगा। अब तक सड़क का 40 फीसदी काम पूरा हो चुका है। रास्ते में आ रहे बिजली के खंभे अब तक स्थानांतरित न होने से काम में दिक्कत आ रही है।
परियोजना विभाग अधिकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा और आसपास वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए सिरसा गोलचक्कर से खेरली नहर तिराहे तक 7.2 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई 7.5 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर की जा रही है। इससे यह सड़क तीन लेन हो जाएगी।
बिजली के खंभे शिफ्ट कराने को कई बार लिखे पत्र : नागेंद्र सिंह
वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह ने बताया कि मॉनसून के बाद सड़क का निर्माण कार्य और अधिक तेज किया जएगा। परियोजना के रास्ते में आ रहे बिजली के खंभों को शिफ्ट करने के लिए संबंधित विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका है। इसकी वजह से बचकर काम करना पड़ रहा है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगेंगे डिवाइडर
वरिष्ठ प्रबंधक का कहना है कि इस काम को निर्धारित समय 27 अक्टूबर 2027 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। मॉनसून के बाद सड़क पर बिटुमिन डालने का काम शुरू कर दिया जाएगा। खुदाई और गिट्टी डालने का काम पूरा हो चुका है। वहीं, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डिवाइडर लगाने का भी काम किया जाएगा। सिरसा से खेरली नहर के पास दनकौर-सिकंद्राबाद मार्ग को जोड़ने वाली इस सड़क पर सुबह से लेकर रात तक वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। जाम लगने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
निर्माण पूरा होने से लाखों लोगों को फायदा होगा
सूरजपुर, परी चौक और कासना होते हुए खेरली तिराहे पर दनकौर-सिकंद्राबाद मार्ग को जोड़ने वाली यह सड़क अभी सिरसा गोलचक्कर से आगे मात्र दो लेन की है। इस रास्ते से बुलंदशहर, खुर्जा, सिकंद्राबाद, ककोड़, झाझर आदि प्रमुख कस्बों के अलावा आसपास के लगभग 250 गांवों के लोगों का आना-जाना होता है। इस सड़क की चौड़ाई बढ़ने से इन गांवों में रहने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”जाम से राहत दिलाने के लिए सिरसा गोलचक्कर से खेरली नहर तिराहा तक की सड़क चौड़ी की जा रही है। यह सड़क दनकौर-सिकंद्राबाद मार्ग से जुड़ती है। दनकौर क्षेत्र की मुख्य सड़क होने की वजह से इस पर ट्रैफिक का दबाव रहता है। परियोजना विभाग को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।”