नोएडा को मिलेगा ₹3,000 करोड़ का नया निवेश, स्थापित होंगी 73 नई औद्योगिक इकाइयां

गौतमबुद्ध नगर में ₹3,000 करोड़ के निवेश से 73 नई औद्योगिक इकाइयां शुरू होंगी, जिससे 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

गौतमबुद्ध नगर में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है। वर्ष 2026 में जिले में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश से 73 नई औद्योगिक इकाइयां शुरू होने की उम्मीद है। इन इकाइयों के संचालन से करीब 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। प्रशासनिक स्तर पर इन इकाइयों को जमीन आवंटित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ गई है।

तीन हजार करोड़ का होगा निवेश

जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, इस साल जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए 73 इकाइयों को जमीन देने का रास्ता साफ किया गया है। इन इकाइयों में करीब तीन हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। उम्मीद है कि अधिकतर इकाइयां इसी साल उत्पादन शुरू कर देंगी।

इन कंपनियों के आने की संभावना

इन निवेश प्रस्तावों के लिए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान एमएसएमई मंत्रालय के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी हुए थे। नई इकाइयों में मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और सर्विस सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के आने की संभावना है।

बेहतर कनेक्टिविटी का मिल रहा लाभ

अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में विकसित बुनियादी ढांचा निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। दिल्ली, गुरुग्राम, हरियाणा और गाजियाबाद समेत आसपास के शहरों से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी होने का लाभ औद्योगिक क्षेत्र को मिल रहा है। इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने की उम्मीद से भी निवेशकों का रुझान बढ़ा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण नोएडा देश-विदेश के निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है।

एमएसएमई की बड़ी भूमिका

एमएसएमई सेक्टर को रोजगार का बड़ा माध्यम माना जाता है। नई औद्योगिक इकाइयों के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के साथ आसपास के जिलों और प्रदेश के लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

एमएसएमई सेक्टर को बढ़ाने पर जोर

अधिकारियों के अनुसार, एमएसएमई क्षेत्र से सरकार को बड़ी मात्रा में राजस्व भी मिलता है। इसी वजह से केंद्र और प्रदेश सरकार इस सेक्टर को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही हैं। जिले में लगातार बढ़ती औद्योगिक इकाइयों की संख्या इसका परिणाम है।

बढ़ेगा निवेश

गौतमबुद्ध नगर के जिला उपायुक्त (उद्योग) पंकज निर्वाण ने कहा कि देश और दुनिया के उद्यमी जिले के एमएसएमई सेक्टर में तेजी से निवेश कर रहे हैं। नोएडा का बेहतर बुनियादी ढांचा और सड़क कनेक्टिविटी निवेशकों को आकर्षित कर रही है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से आने वाले समय में निवेश और बढ़ने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.