भिवानी में 80 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ, 4 पार्कों और 8 गलियों का होगा कायाकल्प
भिवानी में नगर परिषद ने ₹80 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत की। सेक्टर-13 में 4 पार्कों व शांति नगर की 8 गलियों का होगा निर्माण।
भिवानी। नगर परिषद ने रविवार को करीब 80 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। विधायक घनश्याम सर्राफ और चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने सेक्टर-13 के चार पार्कों के जीर्णोद्धार और शांति नगर की आठ गलियों को पक्का करने के कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को शहर में करीब 80 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ करवाया गया है। उक्त राशि से सेक्टर-13 के पांच पार्कों तथा शांति नगर की आठ गलियों को पक्का करवाया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद विकास कार्यों को और गति मिलेगी। शहर की स्वच्छता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जिस भी इलाके में कोई गली कच्ची है, उसके बारे में उन्हें जानकारी दी जाए। प्राथमिकता के आधार पर ऐसी गलियों को पक्का करवाया जाएगा। इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सार्वजनिक विकास कार्यों के लिए सरकारी खजाना लबालब है। विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। जनता सार्वजनिक कार्य लेकर आए, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भिवानी के साथ विशेष लगाव है। वह भिवानी के विकास के लिए दिल खोलकर बजट जारी कर रहे हैं। भिवानी ही नहीं, पूरे प्रदेश में विकास कार्यों की गंगा बह रही है।