सेक्टर-55 में कूड़े के ढेर से बढ़ा बीमारी का खतरा, RWA ने स्वास्थ्य विभाग से की तत्काल कार्रवाई की मांग
बरात घर के पास प्लॉट और पार्क में जमा हो रहा कचरा, डॉ. नीरज शर्मा बोले—नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे प्राधिकरण
न्यूज़ डेस्क, नोएडा। राजेश/विवेक। नोएडा के सेक्टर-55 में बरात घर के बराबर स्थित प्लॉट एवं पार्क में लगातार जमा हो रहे कूड़े को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरडब्ल्यूए सेक्टर-55 ने स्वास्थ्य विभाग और नोएडा प्राधिकरण से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कूड़ा हटवाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-55 के महासचिव डॉ. नीरज शर्मा के अनुसार संबंधित विभाग को कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद उक्त स्थान से कूड़े का समय पर उठान नहीं हो रहा है। इसके कारण प्लॉट और पार्क का हिस्सा धीरे-धीरे कूड़ा घर में तब्दील होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान वायरल फीवर और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में रिहायशी क्षेत्र के बीच खुले में कूड़े का ढेर लोगों के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। गंदगी के चलते मच्छरों एवं अन्य कीटों के पनपने की आशंका भी बनी हुई है।
बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
आरडब्ल्यूए का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित कर्मचारियों को बार-बार फोन और शिकायत करने के बावजूद समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पॉश सेक्टर के सार्वजनिक स्थान पर इस तरह कूड़ा जमा रहना सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
सेक्टरवासियों ने सवाल उठाया है कि शिकायतों के बावजूद कूड़ा समय पर क्यों नहीं उठाया जा रहा और समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है।
तत्काल सफाई और नियमित कूड़ा उठान की मांग
डॉ. नीरज शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग एवं नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि बरात घर के पास जमा कूड़े को तत्काल हटवाया जाए, पूरे क्षेत्र की अच्छी तरह सफाई कराई जाए और भविष्य में यहां दोबारा कूड़े का ढेर न लगे, इसके लिए नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सेक्टरवासियों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रशासन को समस्या का तत्काल और स्थायी समाधान करना चाहिए।
आरडब्ल्यूए ने उम्मीद जताई है कि संबंधित विभाग शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा और सेक्टर में स्वच्छता व्यवस्था बहाल करेगा।