शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का औचक निरीक्षण; गंदगी देख साहा स्कूल प्रिंसिपल को लगाई फटकार

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अंबाला व करनाल के सरकारी स्कूलों का किया औचक निरीक्षण। गंदगी पर अधिकारियों को लगाई फटकार।

हरियाणा : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने के लिए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सोमवार को अंबाला और करनाल के तीन सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। अंबाला के साहा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शौचालय परिसर के पास गंदगी और दुर्गंध देखकर मंत्री ने प्रिंसिपल व अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा, ‘आप खुद यहां खड़े हैं, आपको बदबू नहीं आ रही। जब हम यहां खड़े नहीं हो सकते तो बच्चे कैसे पढ़ाई करते होंगे।’ उन्होंने तत्काल सफाई और जरूरी मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने साहा स्कूल में पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया। वाटर कूलर के पास पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं वाटर कूलर से पानी पीकर भी व्यवस्था जांची।

इसके बाद मंत्री ने करनाल के नीलोखेड़ी क्षेत्र के रायपुर रोडान गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और पूछा कि उन्हें कौन पढ़ाता है, पढ़ाई और पाठ्यक्रम समझ में आता है या नहीं। विद्यार्थियों से किताबों की उपलब्धता और स्कूल में आने वाली परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली।

पहले भी कर चुके हैं तीन कॉलेज और पांच स्कूलों का निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने सोमवार को तीन सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। इससे पहले वह प्रदेश के तीन राजकीय कॉलेजों और पांच सरकारी स्कूलों का भी औचक निरीक्षण कर चुके हैं। मंत्री ने कहा कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि कमियों की पहचान कर उन्हें समय पर दूर किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.