अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, सीएम योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र

सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- यूपी में 7 महीने की चीनी का 28 लाख टन स्टॉक मौजूद। अगले 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां मिलेंगी।

देश में चीनी की कीमतों में अचानक आए भारी उछाल को लेकर लोगों में घबराहट है. वहीं सरकार का भी कहना है कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है, अगले कुछ दिनों में कीमतों में कमी आने की उम्मीद है. अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर कहा कि यहां पर चीनी की कोई कमी नहीं है. हमारे पास 28 लाख टन चीनी मौजूद है.

लखनऊ में 3,446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में चीनी की संकट की चर्चा की चल रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है.

15 अक्टूबर से फिर से चलेंगे चीनी मिलः CM योगी

उन्होंने कहा, “यूपी की एक महीने की कुल खपत 4 लाख टन चीनी है. हमारे पास कुल 28 लाख टन मौजूद है. ऐसे में हमारे पास करीब 7 महीने की चीनी का स्टॉक मौजूद है, और हम 15 अक्टूबर से फिर चीनी मिल चालू करने जा रहे हैं, तो 90 लाख टन यानी 900 लाख क्विंटल चीनी का फिर से प्रोडक्शन अपनी चीनी मिलों के माध्यम से कर देंगे, यानी इतने बड़े पैमाने पर सामर्थ्य यूपी के पास है.”

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ प्रदेश की 25 करोड़ जनता का ही नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का पेट भरने की सामर्थ्य रखता है और उसके लिए तकनीकी सहायक में आपकी एक बड़ी भूमिका हो सकती है.

पारदर्शिता के साथ नियुक्ति चुनौतीः CM योगी

नियुक्ति को लेकर सीएम योगी ने कहा, “आज के दिनों में पारदर्शी तरीके के साथ नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा करना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है और उसमें भी बिना भेदभाव के आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के अनुसार नियुक्ति पत्र दिया जाए यह एक अत्यंत ही चुनौतीपूर्ण कार्य है लेकिन हमारे आयोग और बोर्ड इसको सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “जब हम योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना भेदभाव के करते हैं तो उसका लाभ पूरे राज्य को मिलता है, उनकी प्रतिभा और ऊर्जा का लाभ पूरा राज्य लेता हुआ दिखाई देता है और यही तो पिछले कुछ सालों में डबल इंजन की बीजेपी की सरकार की उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है.”

6 महीने में 1 लाख युवाओं को नौकरीः CM योगी

पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मैं प्रदेश भर के सभी युवाओं को इस बात के लिए आश्वस्त कर रहा हूं कि अगले 6 महीने के अंदर, “आप इस बात को नोट कर लीजिए अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख नौजवानों को फिर सरकारी नियुक्ति पत्र अलग-अलग स्टेज में हर हफ्ते उपलब्ध करवाने जा रहे हैं.”

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी दिलाने की सफलता प्राप्त हुई. जबकि 2017 से पहले, चाचा-भतीजे की जोड़ी और पूरा खानदान वसूली के लिए निकलता था प्रदेश में. समय और उम्र हमारे युवाओं की खराब होती थी. नोट करिये हम अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख सरकारी नियुक्ति पत्र युवाओं को देंगे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.