Swine Flu Cases in Delhi: दिल्ली-NCR में पैर पसार रहा स्वाइन फ्लू, 258 नए मामले आए सामने; अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

दिल्ली के लोकनायक और जीटीबी अस्पताल में स्वाइन फ्लू वार्ड शुरू। दिल्ली-एनसीआर में एच1एन1 के मामले बढ़े, जानें पूरी रिपोर्ट।

दिल्ली सरकार अपने सभी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए वार्ड शुरू करेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली सरकार के सबसे बड़े लोकनायक अस्पताल में मंगलवार को सात बेड का स्वाइन फ्लू वार्ड शुरू कर दिया गया। इसके अलावा 70 बेड का आपदा वार्ड भी तैयार किया गया है। वहीं, जीटीबी अस्पताल में चार बेड का स्वाइन फ्लू वार्ड शुरू किया गया है। इससे पहले डीडीयू अस्पताल में एक वार्ड में स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए बेड आरक्षित किए गए थे।

पर्याप्त संख्या में बेड उपलब्ध होंगे

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सभी अस्पतालों को अधिकृत बेड शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें पर्याप्त संख्या में बेड हो। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में आपदा वार्ड होता है। जरूरत पड़ने पर स्वाइन फ्लू के इलाज में आपदा वार्ड का भी इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में घबराने जैसी स्थिति बिल्कुल भी नहीं है। तेज बुखार के साथ अस्पतालों में आने वाले मरीज दो-तीन दिन में ठीक हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में अलग से फीवर क्लीनिक चलाने की जरूरत नहीं है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर और डिस्पेंसरियों में भी बुखार, खांसी, जुकाम, दर्द इत्यादि इन्फ्लुएंजा के लक्षण से पीड़ित मरीज देखे जा रहे हैं, उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं।

स्वाइन फ्लू के 258 नए मामले, जांच बढ़ाई जाएगी

दिल्ली में इन्फ्लुएंजा ए और बी के विभिन्न स्ट्रेन का प्रसार तेजी से हो रहा है। राजधानी में इन्फ्लुएंजा के 325 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें अकेले 258 मामले स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के हैं। संक्रमण को देखते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग, एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंट बोर्ड के अधिकारियों व डॉक्टरों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अस्पतालों को स्वाइन फ्लू, डेंगू और मलेरिया के इलाज के लिए पर्याप्त बेड, एंटीवायरल दवाएं, जांच किट व अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिल्ली में अब तक इन्फ्लुएंजा के कुल 3,239 स्थानीय मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 2,308 स्वाइन फ्लू, 154 एच3एन2, 554 इन्फ्लुएंजा ए और 225 इन्फ्लुएंजा बी के मरीज हैं।

दिल्ली के साथ एनसीआर में पांव पसार रहा वायरस

शहर : स्वाइन फ्लू के मामले

दिल्ली : 2,308

फरीदाबाद : 6

गुरुग्राम : 0

गाजियाबाद : 7

नोएडा : 120

● फरीदाबाद के बीके अस्पताल में छह बेड का आइसोलेशन वार्ड बना।

● नोएडा के जिला अस्पताल में 76 बेड स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.